Molitics Logo
होम कन्नड़ भाषा पर बयान को लेकर HC नाराज़, कमल हासन से पूछा- माफ़ी क्यों नहीं मांगी?

कन्नड़ भाषा पर बयान को लेकर HC नाराज़, कमल हासन से पूछा- माफ़ी क्यों नहीं मांगी?

फिल्म के निर्माताओं की ओर से पेश वकील ने कोर्ट को बताया कि कमल हासन का इरादा किसी भाषा या समुदाय को ठेस पहुंचाने का नहीं था।उन्होंने सिर्फ एक बयान दिया था |

कन्नड़ भाषा पर बयान को लेकर HC नाराज़, कमल हासन से पूछा- माफ़ी क्यों नहीं मांगी?
फोटो: कन्नड़ भाषा पर बयान को लेकर HC नाराज़, कमल हासन से पूछा- माफ़ी क्यों नहीं मांगी?
दक्षिण भारत के दिग्गज अभिनेता कमल हासन एक बार फिर विवादों में हैं। इस बार मामला कन्नड़ भाषा को लेकर दिए गए उनके एक बयान से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने कहा था, "कन्नड़ भाषा की उत्पत्ति तमिल से हुई है।" इस बयान ने कर्नाटक में राजनीतिक और सांस्कृतिक हलचल मचा दी है। बयान के बाद कर्नाटक सरकार ने उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘ठग लाइफ’ की रिलीज पर रोक लगा दी। इसके खिलाफ हासन ने कर्नाटक हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया, लेकिन अदालत ने भी उनके रुख को लेकर नाराज़गी जताई है। 

हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी मामले की सुनवाई के दौरान जस्टिस एम. नागप्रसन्ना ने कमल हासन पर कड़ी टिप्पणी की। उन्होंने कहा, "आप कमल हासन हो सकते हैं, लेकिन इसका यह मतलब नहीं कि आपके पास लोगों की भावनाएं आहत करने का अधिकार है। भारत में पानी, जमीन और भाषा – ये तीनों चीजें लोगों के लिए बेहद संवेदनशील हैं। देश का विभाजन भी भाषाई आधार पर ही हुआ था।" अदालत ने यह भी सवाल उठाया कि कमल हासन ने अपने बयान पर अभी तक माफी क्यों नहीं मांगी। कोर्ट के मुताबिक, बयान के बाद राज्य में अशांति का माहौल बन गया है, जबकि कर्नाटक के लोगों की मांग केवल यही थी कि बयान को लेकर माफी मांगी जाए।

फिल्म के निर्माताओं की ओर से पेश वकील ने कोर्ट को बताया कि कमल हासन का इरादा किसी भाषा या समुदाय को ठेस पहुंचाने का नहीं था। उन्होंने सिर्फ एक बयान दिया था। फिल्म को रोका जाना अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर आघात है। हालांकि कोर्ट ने स्पष्ट किया कि सिर्फ बयान देना ही काफी नहीं होता, बल्कि सार्वजनिक व्यक्ति होने के नाते हासन की जिम्मेदारी बनती है कि यदि बयान से किसी समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं, तो वे खेद प्रकट करें।

कमल हासन की फिल्म ‘ठग लाइफ’ को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है। लगभग 38 साल बाद वह मशहूर फिल्मकार मणिरत्नम के साथ काम कर रहे हैं। फिल्म में तृषा कृष्णन मुख्य अभिनेत्री के तौर पर नजर आएंगी। इसके अलावा अली फजल, पंकज त्रिपाठी और रोहित सराफ जैसे बॉलीवुड कलाकार भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिकाओं में होंगे। हालांकि, विवाद और कानूनी संकट के चलते फिल्म की रिलीज फिलहाल अनिश्चित नजर आ रही है।