Molitics Logo
होम राज ठाकरे के गंगाजल वाले बयान पर BJP मंत्री का पलटवार, कहा- हिंदू परंपराओं का अपमान बंद करें

राज ठाकरे के गंगाजल वाले बयान पर BJP मंत्री का पलटवार, कहा- हिंदू परंपराओं का अपमान बंद करें

राणे ने ठाकरे पर हिंदू धर्म का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें गंगा सफाई अभियान और मोदी सरकार द्वारा उठाए गए ठोस कदमों की जानकारी नहीं है।

राज ठाकरे के गंगाजल वाले बयान पर BJP मंत्री का पलटवार, कहा- हिंदू परंपराओं का अपमान बंद करें
फोटो: राज ठाकरे के गंगाजल वाले बयान पर BJP मंत्री का पलटवार, कहा- हिंदू परंपराओं का अपमान बंद करें
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के प्रमुख राज ठाकरे द्वारा गंगाजल और महाकुंभ पर दिए गए बयान के बाद महाराष्ट्र की सियासत में जबरदस्त हलचल मच गई है। ठाकरे की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक और राज्य के मंत्री नितेश राणे ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। राणे ने ठाकरे पर हिंदू धर्म का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें गंगा सफाई अभियान और मोदी सरकार द्वारा उठाए गए ठोस कदमों की जानकारी नहीं है।

राणे का पलटवार: 'गंगा सफाई पर अनभिज्ञ हैं राज ठाकरे'


बीजेपी विधायक नितेश राणे ने रविवार को मीडिया से बातचीत के दौरान राज ठाकरे के बयान पर करारा प्रहार किया। राणे ने कहा, "राज ठाकरे को शायद इस बात की जानकारी नहीं है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने गंगा को स्वच्छ करने के लिए कितने बड़े कदम उठाए हैं। आज गंगा का पानी पहले से काफी स्वच्छ हो गया है, लेकिन ठाकरे इस तथ्य से अनजान हैं और बेवजह हिंदू धर्म को अपमानित करने वाले बयान दे रहे हैं।" राणे ने ठाकरे पर हिंदू परंपराओं और धार्मिक आस्थाओं का अपमान करने का आरोप लगाते हुए कहा, "गंगा भारत के करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है। महाकुंभ केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। लेकिन राज ठाकरे जैसे नेता इस पर सवाल उठाकर हिंदू समाज की आस्था को चोट पहुंचा रहे हैं, जो बिल्कुल गलत है।"

राज ठाकरे की टिप्पणी पर गुस्सा जाहिर करते हुए नितेश राणे ने सवाल उठाया कि ठाकरे सिर्फ हिंदू धार्मिक परंपराओं और आयोजनों पर सवाल क्यों उठाते हैं, अन्य धर्मों को लेकर उनकी चुप्पी क्यों बनी रहती है? राणे ने कहा, "राज ठाकरे ने आज तक बकरीद पर एक भी सवाल नहीं उठाया। बकरीद के दौरान जब भारी मात्रा में खून और जानवरों के अवशेष नदियों, नालों और पानी के स्रोतों में बहा दिए जाते हैं, तब क्यों नहीं कोई आपत्ति जताई जाती?" राणे ने कहा कि राज ठाकरे को बकरीद के दौरान मुंबई के मोहम्मद अली रोड की स्थिति देखनी चाहिए, जहां गंदगी और अव्यवस्था का माहौल होता है। उन्होंने कहा, "मोहम्मद अली रोड पर हर साल रमजान और बकरीद के दौरान गंदगी और प्रदूषण होता है। लेकिन राज ठाकरे ने इस पर कभी सवाल नहीं उठाया। आखिर क्यों? क्या सिर्फ हिंदू धर्म को निशाना बनाना आसान है?"

राज ठाकरे के साथ-साथ नितेश राणे ने शिवसेना (UBT) प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर भी जमकर हमला बोला। राणे ने कहा, "उद्धव ठाकरे को 'अल्लाह-हू-अकबर' के नारे लगाने बंद करने चाहिए। तभी उन्हें समझ आएगा कि सही और गलत क्या है। हम हमेशा 'जय श्री राम' और 'जय भवानी' के नारे लगाते हैं, लेकिन उद्धव ठाकरे को यह समझ नहीं आता।" राणे ने कहा कि महाराष्ट्र में हिंदू आस्था और संस्कृति पर लगातार हमले हो रहे हैं और कांग्रेस-शिवसेना गठबंधन के नेता इसमें सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "हमें गर्व है कि हम हिंदू हैं और अपनी संस्कृति के लिए खड़े हैं। लेकिन राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे जैसे नेता बार-बार हिंदू धर्म और परंपराओं पर सवाल उठाकर लोगों की भावनाओं को आहत कर रहे हैं।"

Read This Also:- मुसलमानों के लिए बने अलग अस्पताल या विंग – बीजेपी विधायक की सीएम योगी से मांग