Molitics Logo
होम हरियाणा: पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला सहित 700 से अधिक प्रत्याशियों की ज़मानत ज़ब्त, ‘आप’ टॉप पर

हरियाणा: पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला सहित 700 से अधिक प्रत्याशियों की ज़मानत ज़ब्त, ‘आप’ टॉप पर

उम्मीदवारों की ज़मानत ज़ब्त होने में आम आदमी पार्टी (आप) टॉप पर है। इसमें ‘आप’ के 85 उम्मीदवार शामिल है। इसके अलावा जजपा-एएसपी के 82, इनेलो-बसपा के 72 और निर्दलीय चुनाव लड़े 443 प्रत्याशियों सहित अन्य पार्टी के उम्मीदवार शामिल है।

हरियाणा: पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला सहित 700 से अधिक प्रत्याशियों की ज़मानत ज़ब्त, ‘आप’ टॉप पर
फोटो: हरियाणा: पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला सहित 700 से अधिक प्रत्याशियों की ज़मानत ज़ब्त, ‘आप’ टॉप पर
हरियाणा विधानसभा चुनाव में पूर्व उपमुख्यमंत्री और जजपा नेता दुष्यंत चौटाला सहित 700 से अधिक प्रत्याशियों की ज़मानत ज़ब्त हो गयी है। उम्मीदवारों की ज़मानत ज़ब्त होने में आम आदमी पार्टी (आप) टॉप पर है। इसमें ‘आप’ के 85 उम्मीदवार शामिल है। इसके अलावा जजपा-एएसपी के 82, इनेलो-बसपा के 72 और निर्दलीय चुनाव लड़े 443 प्रत्याशियों सहित अन्य पार्टी के उम्मीदवार शामिल है। इस बार प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कुल 1031 उम्मीदवार अपनी क़िस्मत आज़माने उतरे थे। जबकि 2019 के विधानसभा चुनाव में कुल 1159 उम्मीदवारों में 900 से अधिक प्रत्याशियों की ज़मानत ज़ब्त हुई थी।

हरियाणा में आप पार्टी के साथ 2019 के विधानसभा चुनाव में भी कुछ ऐसा ही हुआ था। 46 सीटों पर लड़ी ‘आप’ के ज्यादातर उम्मीदवारों की ज़मानत ज़ब्त हो गई थी। इस बार चुनावी मैदान में 101 महिलाएं और 930 पुरुष उम्मीदवार शामिल हुए। इनमें से 41 महिला उम्मीदवार और 421 पुरुष उम्मीदवार निर्दलीय चुनाव लड़ रहे थे। हरियाणा में आप पार्टी ने सभी 90 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन एक भी सीट पर जीत हासिल नहीं कर सकी। हरियाणा विधानसभा चुनाव में नोटा को भी कुल 52 हजार 626 वोट मिले हैं। आम आदमी पार्टी में सबसे ज्यादा वोट पाने वाले जगाधरी सीट से आदर्श पाल हैं, उन्हें 48,813 वोट मिले। वहीं, 84 सीट पर गठबंधन में एएसपी के साथ उतरी जजपा में सबसे ज्यादा 35,261 वोट डबवाली सीट से पार्टी महासचिव दिग्विजय चौटाला को मिले। जबकि बसपा के साथ 85 सीटों पर उतरी इनेलो में सबसे ज्यादा वोट पार्टी के प्रधान महासचिव अभय चौटाला को मिली। अभय चौटाला को ऐलनाबाद सीट से 62,865 वोट मिले।

इधर, नोटा को सबसे ज़्यादा वोट बादशाहपुर सीट पर मिले। यहाँ 1,803 वोट नोटा को पड़े। वहीं, सिरसा सीट पर कुल 115 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया। 9 सीटों पर 1 से 2 हजार के बीच, 31 सीटों पर 1 हजार से 500 के बीच और अन्य सीटों पर 500 से नीचे मतदाताओं ने नोटा को चुना। राज्य के कुल 2,03,54,350 मतदाताओं में से 13,89,776 मतदाताओं ने नोटा को चुना। यह कुल मतदान का .38 प्रतिशत है। 2019 के विधानसभा चुनाव में कुल 53,613 और 2014 के विधानसभा चुनाव में 65,270 हजार मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया था।


हरियाणा में बीजेपी की जीत

5 अक्टूबर को हुए मतदान और 8 अक्टूबर को जारी परिणामों में बीजेपी को सरकार बनाने वाला बहुमत मिला। भाजपा ने राज्य विधानसभा में जीत की हैट्रिक लगाते हुए 48 सीटों पर जीत हासिल की है। दूसरी ओर कांग्रेस तीसरी बार भी बहुमत लाने में विफल रही। कांग्रेस को 37, इनेलो को 2 और अन्य को 3 सीटें मिली हैं। हालांकि आंकड़े एग्जिट पोल से बिल्कुल विपरीत है, क्योंकि एग्जिट पोल में कांग्रेस को जिताया हुआ दिखाया जा रहा था।