Molitics Logo
होम मोदी ने अपने बयानों से पीएम पद की गरिमा गिराई- प्रकश आंबेडकर

मोदी ने अपने बयानों से पीएम पद की गरिमा गिराई- प्रकश आंबेडकर

मोदी ने अपने बयानों से पीएम पद की गरिमा गिराई- प्रकश आंबेडकर
फोटो: मोदी ने अपने बयानों से पीएम पद की गरिमा गिराई- प्रकश आंबेडकर
वंचित बहुजन अघाड़ी (वीबीए) पार्टी अध्यक्ष प्रकाश आंबेडकर ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनाव प्रचार के दौरान अपने बयानों से पीएम पद की गरिमा को बहुत नीचे ले गये हैं।भाजपा ने साम्प्रदयिक चीज़ों को चुनाव का मुद्दा बनाया है। पीएम मोदी ने प्रचार के दौरान काफ़ी ख़राब भाषा का इस्तेमाल किया है। उन्होंने कहा कि पूरे महाराष्ट्र के अंदर मराठा बनाम ओबीसी ध्रुवीकरण का मुद्दा छाया हुआ है, जिसने कुछ हिस्सों में भाजपा को प्रभावित किया है। प्रकाश अंबेडकर ने कहा कि इस बार क्षेत्रीय पार्टियाँ पीएम नरेंद्र मोदी के ख़िलाफ़ ज़्यादा जोश से लड़ाई लड़ रही हैं। कांग्रेस ने भी चुनाव में मुद्दों पर काम किया है, लेकिन कांग्रेस और भी अच्छा प्रदर्शन कर सकती थी। प्रकाश आंबेडकर ने यह बात अंग्रेज़ी अख़बार द इंडियन एक्सप्रेस को दिये साक्षात्कार में कही है।



अकेले चुनाव लड़ रही है वीबीए


वंचित बहुजन अघाड़ी (वीबीए) पार्टी इस बार अकेले अपने दम पर लोकसभा का चुनाव लड़ रही है।ऐसे कयास लगाये जा रहे थे कि इंडिया गठबंधन के साथ मिलकर वीबीए चुनाव लड़ेगा, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। प्रकाश आंबेडकर का मानना है कि वीबीए महाराष्ट्र की 3 सीटों पर चुनाव जीत रही है। जबकि वीबीए कुल 8 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। उन्होंने कहा कि 2019 में हमें 6.75 फ़ीसद वोट मिले थे, जो अब बढ़ने वाले हैं। महाराष्ट्र में भाजपा गठबंधन (एनडीए) और वीबीए के उम्मीदवारों के बीच कड़ी टक्कर है।



चुनाव प्रचार बहुत क्रूर हो गया है


प्रकाश आंबेडकर ने कहा कि पीएम मोदी ने लोकसभा के चुनाव को ग्राम पंचायत के चुनावों में बदल कर रख दिया है। जो चुनाव प्रचार हो रहे हैं, उसमें काफी क्रूर भाषा का इस्तेमाल किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने व्यक्तिगत हमले तो किये ही हैं, बहुत ख़राब भाषा का भी इस्तेमाल किया है। पीएम नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री पद की गरिमा को गिराने का काम किया है। जिस तरह केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है, उससे एक बात साफ़ है कि केंद्रीय एजेंसियों को कमज़ोर कर दिया गया है। अब केंद्रीय एजेंसियां सरकार का टूल बनकर रह गयी है।


प्रकाश आंबेडकर ने कहा कि पहले के प्रधानमंत्री केवल लोकसभा के चुनाव में प्रचार करते थे, और विधान सभा चुनाव के लिए कुछ रैलियां भी कर लेते थे। लेकिन पीएम नरेंद्र मोदी ने लगभग हर लोकसभा क्षेत्र और विधानसभा क्षेत्र में प्रचार करने का काम किया है। उन्होंने हर चुनाव को ग्राम पंचायत का चुनाव बना दिया है।



क्षेत्रीय पार्टियां कर रही है अच्छा प्रदर्शन


प्रकाश आंबडेकर ने कहा कि इस बार क्षेत्रीय पार्टियों का प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा है। इससे भाजपा को चुनाव में नुक़सान होना तय है। कांग्रेस को भी इस बार 2019 की तुलना में ज़्यादा फ़ायदा होगा। हालांकि कांग्रेस का प्रदर्शन 2019 में बहुत ख़राब रहा था। लेकिन अभी किस पार्टी या गठबंधन को कितनी सीटें मिलने वाली है, इस बारे में कुछ भी कहना ठीक नहीं होगा। क्योंकि अभी लोकसभा चुनाव के दो चरण बाकी है। लेकिन यह तय है कि भाजपा के 400 पार के नारे को बहुत बड़ा धक्का लगने वाला है।



कांग्रेस और भी अच्छा प्रदर्शन कर सकती थी


प्रकाश आंबेडकर ने कहा कि कांग्रेस और इंडियन गठबंधन ने चुनाव में ज़रूरी मुद्दों को उठाया है, लेकिन कांग्रेस और भी ज़्यादा धारदार र चुनाव प्रचार कर सकती थी। उदाहरण के तौर पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को ‘संपत्ति के बंटवारे’ वाले मामले पर पीएम मोदी को कोई पत्र लिखने की जरूरत नहीं थी। जबकि कांग्रेस को इस मामले में कोई सफ़ाई देने की जरुरत नहीं थी। कांग्रेस को भाजपा के हर हमले का ज़वाब भाजपा की मोदी सरकार की दलित विरोधी, गरीब विरोधी और मुस्लिम विरोधी चेहरे को बेनक़ाब करके देना चहिये था। लेकिन कांग्रेस इस मामले में कमज़ोर दिखायी दी।



संविधान ख़तरे का दलितों पर असर


प्रकाश आंबेडकर का मानना है कि संविधान पर ख़तरे को लेकर दलितों में काफ़ी निराशा है। दलितों ने भाजपा के ख़िलाफ़ एकजुट होकर वोट किया है। दलितों में स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की विचारधारा और हिन्दू राष्ट्र को लेकर कई तरह सवाल हैं। इसलिए दलित अब कभी भाजपा का समर्थन नहीं करेंगे। नरेंद्र मोदी ने जो विकास के सपने दिखाये थे, उसे पूरा न कर पाने की वज़ह से दलित समाज नरेंद्र मोदी से नाराज़ हो चुका है।



लोगों में भाजपा को लेकर कई सवाल


प्रकाश आंबेडकर ने कहा कि भाजपा अपने 10 सालों के शासन में किये कामकाज़ को छुपाना चाहती है। इसलिए चुनाव में नये-नये हथकंडे अपना रही है, जिसमें एक मोदी ‘फैक्टर’ का नारा भी शामिल है। भाजपा सरकार को लेका ज़मीनी हक़ीकत यह है कि लोग बेरोज़गारी को लेकर नाराज़ दिख रहे है, लोगों में चुनावी बॉन्ड को लेकर कई तरह के सवाल हैं। जीएसटी की वज़ह से छोटे निवेशक और उद्योगपति भाजपा की नीति से परेशान है। पूरे देश में महंगाई एक बड़ा मुद्दा बना हुआ है। जबकि भाजपा ने चुनाव में सांप्रदायिक मुद्दों को उठाया है। पीएम नरेंद्र मोदी ने मंगलसूत्र, संपत्ति और अल्पसंख्यकों को लेकर जो बोला है, उससे पीएम नरेंद्र मोदी ने पद की शालीनता को ख़त्म कर दिया है। पीएम मोदी ने चुनाव के दौरान लक्ष्मण रेखा को लांघ दिया है।