गडकरी ने अटकलों पर किया स्पष्टीकरण
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने राजनीति से संन्यास लेने की अटकलों को स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया है। नागपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गडकरी ने कहा कि उनकी बातों को गलत तरीके से पेश किया गया है। उन्होंने मजाक करते हुए कहा, 'मैंने कहा कि अब मेरी उम्र बढ़ गई है, इसलिए ऐसे कार्यक्रमों में युवाओं को बुलाओ। लेकिन आप लोग खबर छाप देते हैं कि गडकरी रिटायर होने जा रहे हैं।'
लक्ष्मणराव मानकर ट्रस्ट कार्यक्रम में शामिल हुए
हाल ही में गडकरी नागपुर जिले के काटोल में लक्ष्मणराव मानकर ट्रस्ट के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस अवसर पर उन्होंने अपने तीन दशक लंबे सार्वजनिक जीवन के अनुभव और कोरोना के बाद स्वास्थ्य में आए परिवर्तनों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि अब वह पहले की तरह अधिक काम नहीं कर पाते और नई पीढ़ी को भी मौके दिए जाने चाहिए। इस बयाना के बाद उनके सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने की चर्चाएँ शुरू हो गई थीं।
युवाओं को आगे लाने की आवश्यकता
गडकरी ने नागपुर में 17वीं एग्रोविजन कृषि प्रदर्शनी की घोषणा के दौरान इन अटकलों पर और स्पष्टता दी। उन्होंने कहा कि युवाओं को आगे लाने का विचार राजनीति छोड़ने का संकेत नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य सामाजिक और कृषि से जुड़े कार्यों में नई पीढ़ी की भागीदारी बढ़ाना है। उन्होंने कहा, 'लंबे समय तक चलने वाली योजनाओं और संस्थाओं को आगे बढ़ाने के लिए अनुभव का हस्तांतरण आवश्यक है।'
जल संरक्षण पर जोर
इस दौरान गडकरी ने विदर्भ क्षेत्र को सूखे की समस्या से निजात दिलाने के लिए जल संरक्षण पर सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के सूखा प्रभावित क्षेत्रों में जल संरक्षण और भूजल स्तर को बढ़ाने के लिए कई सफल प्रयोग हुए हैं। एग्रोविजन प्रदर्शनी में किसानों को ऐसे प्रयोगों की जानकारी प्रदान की जाएगी, ताकि वे इन्हें अपने खेतों और गांवों में लागू कर सकें। गडकरी ने विदर्भ के प्रत्येक जिले में जल संरक्षण संबंधी अभियानों को तेज करने पर भी चर्चा की।





