UCC लागू करने की घोषणा
संविधान दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने यह स्पष्ट किया है कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के शासन वाले सभी राज्यों में समान नागरिक संहिता (UCC) को लागू किया जाएगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कानूनों का निर्माण धर्म के आधार पर नहीं होना चाहिए। नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए शाह ने बताया कि संविधान निर्माताओं ने UCC को 'राज्य के नीति निर्देशक सिद्धांतों' में शामिल किया था, जिससे सभी नागरिकों के लिए समान कानून की स्थापना की जा सके।
शाह ने कहा, "हमारे संविधान निर्माताओं ने यूसीसी को संविधान के नीति-निर्देशक तत्वों में शामिल किया था। इस देश के प्रत्येक नागरिक को, चाहे वह हिंदू, सिख, मुस्लिम, ईसाई या पारसी हो, एक समान कानून के तहत जीवन जीने का अधिकार मिलना चाहिए। धर्म के आधार पर कानून नहीं बनाए जाने चाहिए। लेकिन राहुल जी, आपकी पार्टी इसका खुलकर विरोध करती है।"
संविधान का महत्व
अमित शाह ने संविधान को राष्ट्र की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों का आधार बताते हुए कहा कि संविधान निर्माताओं ने यह तय किया था कि सत्ता का अधिकार जनता के हाथ में होगा और इसका उपयोग भी जनहित के लिए होना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को यह अधिकार दिया गया है कि वे तय करें कि सत्ता किसे सौंपनी है।
शाह ने 26 नवंबर को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का एक महत्वपूर्ण दिन बताते हुए कहा, "26 नवंबर 1949 को हमारे देश की एक नई यात्रा शुरू हुई। यह दिन आजाद भारत के शासन, लोकतंत्र और जन भागीदारी की नींव को मजबूत करता है।" उन्होंने संविधान को केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष का प्रतीक बताया।
संविधान के प्रति सम्मान
गृह मंत्री ने यह भी कहा कि लगभग 200 से 250 वर्षों की गुलामी के दौरान भारत की सभ्यता और ज्ञान को भारी क्षति पहुंची है। उन्होंने कहा, "संविधान का सम्मान करना हम सभी भारतीयों का दायित्व है।" हालाँकि, उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि आजादी के बाद, संविधान को केवल सरकार चलाने की दिशा-निर्देश के रूप में देखा गया है।
इसके अतिरिक्त, उन्होंने युवाओं और नागरिकों के बीच संविधान की भावना को स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया। शाह ने विपक्षी दलों पर कटाक्ष करते हुए कहा, "जो लोग हाथ में संविधान लेकर घूम रहे हैं, उनसे मेरा अनुरोध है कि वे 15 मिनट संसद की लाइब्रेरी में जाकर संविधान को पढ़ें।"
विपक्ष पर निशाना
उन्होंने विपक्षी दलों पर तंज करते हुए कहा, "जो लोग हमारी सभ्यता का विरोध कर रहे हैं, उनसे मैं कहना चाहता हूँ कि यदि आपके पास संविधान के लिए 10 से 15 मिनट का समय हो, तो कृपया संविधान की मूल प्रति को देखें।" शाह ने बताया कि संविधान की मूल प्रति के अध्यायों की शुरुआत महत्वपूर्ण ऐतिहासिक चित्रों से होती है, जिसमें भगवान श्री राम, भगवान बुद्ध, और नेताजी सुभाष चंद्र बोस जैसे महान व्यक्तित्व शामिल हैं।
उन्होंने यह भी कहा, "2014 के बाद जब हमारी सरकार बनी, तो हमने संविधान गौरव दिवस मनाने का निर्णय लिया, जिससे इसकी भावना लोगों तक पहुंच सके।"





