मिशन 2019: रोड शो में दम दिखा रहे बाहुबली अनंत सिंह, खुद को बताया कांग्रेस उम्मीदवार
बिहार के मोकामा से बाहुबली निर्दलीय विधायक अनंत सिंह शुक्रवार को मुंगेर में रोड शो कर अपनी ताकत दिखा रहे हैं। रोड शो में 14 किमी तक गाडि़यों की कतार लग गई है। बताया जा रहा है कि इसमें अनंत सिंह के साथ करीब 15 हजार समर्थक साथ चल रहे हैं। अनंत सिंह ने स्पष्ट कर दिया है कि वे वह हर हाल में मुंगेर से ही चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने रोड शो के अपने पोस्टर में खुद को कांग्रेस उम्मीदवार बताया है। इस बीच जदयू ने उनके रोड शो को राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का संरक्षण मिलने का आरोप लगाया है।
विदित हो कि कभी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के करीबी माने जाने वाले विधायक अनंत सिंह अब मुख्यमंत्री के खिलाफ हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पर झूठे मुकदमों में फंसाने का आरोप लगाते हुए उनके प्रबल राजनीतिक विरोधी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का समर्थन किया है। हालांकि, अनंत सिंह को लेकर विपक्षी महागठबंधन व राजद में एकमत नहीं, लेकिन विपक्ष का एक धड़ा उनके मुंगेर से लोकसभा चुनाव लड़ने के समर्थन में है। अनंत सिंह को भी उम्मीद है कि उन्हें मुंगेर से कांग्रेस का टिकट मिलेगा।