भाजपाइयों ने देखी 'द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर' फिल्म, फिर साधा कांग्रेस पर निशाना
विवादित फिल्म 'द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर' के बहाने प्रदेश भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने उच्च शिक्षा राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह रावत समेत अन्य पार्टी नेताओं के साथ यह फिल्म देखने के बाद कहा कि इसमें कांग्रेस के परिवारवाद का खुलासा होने के साथ ही इस पर करारी चोट की गई है। इसीलिए कांग्रेस इस फिल्म को लेकर हायतौबा मचा रही है।
देहरादून में राजपुर रोड स्थित मल्टीप्लेक्स में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, राज्यमंत्री डॉ.धन सिंह रावत, महापौर सुनील उनियाल गामा, बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के अध्यक्ष नरेश बंसल, दायित्वधारी ज्ञान सिंह नेगी, भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रमुख डॉ देवेंद्र भसीन, सह मीडिया प्रमुख बलजीत सोनी, प्रदेश कार्यालय सचिव पुष्कर काला समेत अन्य भाजपा नेताओं ने यह फिल्म देखी।