कांग्रेस की गुटबाजी, लॉबिंग होगी तेज!

5 राज्यों के विधानसभा चुनावों में से 3–राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में कांग्रेस की जीत के बाद अब हरियाणा में कांग्रेस की गुटबाजी और तेज हो सकती है। प्रदेशाध्यक्ष की कुर्सी को लेकर पार्टी दिग्गजों में लॉबिंग बढ़ेगी। हरियाणा में भी विधानसभा के चुनाव करीब एक वर्ष बाद हैं। ऐसे में राजस्थान की सरकार का असर, हरियाणा में भी पड़ना तय है। प्रदेश के कांग्रेसियों की नज़रें अब इस पर हैं कि पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी राजस्थान में मुख्यमंत्री का सेहरा किसके सर बांधते हैं। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के अलावा युवा नेता सचिन पायलट के बीच अब मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर लॉबिंग शुरू हो चुकी है। हरियाणा के कांग्रेसी ही नहीं, दूसरे राजनीतिक दलों की निगाहें भी अब राहुल गांधी के अगले फैसले पर होंगी। अशोक गहलोत को अगर राज्य का मुख्यमंत्री बनाया जाता है तो हरियाणा में कांग्रेस की राजनीति के अलग समीकरण होंगे और अगर पायलट सीएम बने तो फिर समीकरण अगले मोड़ लेंगे।
डॉ़ अशोक तंवर को प्रदेशाध्यक्ष बने हुए साढ़े 4 साल से अधिक का समय हो चुका है। उनके खिलाफ पिछले करीब 2 महीनों से पूरी लॉबिंग चल रही है। हुड्डा खेमे के कई विधायक राहुल गांधी के अलावा पार्टी नेतृत्व के कई नेताओं के आगे तंवर को बदलने की मांग भी कर चुके हैं। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा को प्रदेश में कांग्रेस की कमान सौंपने की मांग भी हो रही है, लेकिन राहुल ने अभी तक इस संदर्भ में कोई फैसला नहीं लिया है। अब 5 राज्यों के चुनावी नतीजों के बाद 3 जगह पर कांग्रेस की सत्ता में वापसी से हरियाणा में कांग्रेस का अंतर्कलह बढ़ना स्वाभाविक है।

More videos

See All