हरियाणा में खुद से छिटके ब्राह्मणों को रिझाएगी कांग्रेस, उठाने जा रही है यह कदम

हरियाणा में चुनावी सरगर्मियों के बीच कांग्रेस अब ब्राह्मणों को रिझाएगी। इसकी शुरुआत होगी मुख्यमंत्री मनोहर लाल के हलके करनाल से। पार्टी ने रविवार को ब्राह्मण महासम्मेलन बुलाया है। इसके जरिये वह ब्राह्मण समुदाय में अपना जनाधार तलाशेगी। पार्टी उन मुद्दों को भी उठाएगी, जिन्हें पूरा कराने के लिए बिरादरी लंबे समय से संघर्षरत है।
हरियाणा में 13 से 15 फीसद आबादी ब्राह्मण समुदाय की है। प्रदेश की सियासत में कभी इस समुदाय पर कांग्रेस की पकड़ थी। बाद में भाजपा का जनाधार बढ़ा तो बड़ा तबका कांग्रेस से छिटक कर दूसरे दलों की ओर चला गया। अब आम आदमी पार्टी की निगाह ब्राह्मणों पर टिकी है। ऐसे में कांग्रेस ने फिर से ब्राह्मणों को अपने साथ लाने की रणनीति बनाई है जिसके तहत उनके पुराने मुद्दे उठाए जाएंगे।
9 दिसंबर को करनाल की पुरानी सब्जी मंडी में होने वाले महासम्मेलन में पूरे प्रदेश से लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कई टीमें मैदान में उतारी गई हैं। इसकी बागडोर कांग्रेस के प्रांतीय कोषाध्यक्ष तरुण भंडारी को सौंपी गई है। तरुण भंडारी राज्य के ब्राह्मण नेताओं से संपर्क करने में जुटे हुए हैं।
ब्राह्मण महासम्मेलन का न्योता देने में जुटे आयोजक कृष्ण शर्मा बसताड़ा के अनुसार हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक तंवर को एक अधिकार पत्र सौंपा जाएगा जिसमें बिरादरी के अहम मुद्दों को शामिल किया जाएगा। ब्राह्मण समुदाय लंबे समय से राष्ट्रीय स्तर पर ब्राह्मण कल्याण आयोग का गठन करने की मांग करता आया है।

More videos

See All