झारखंड विस उपचुनावः गोमिया व सिल्ली में मतदान जारी, जानें-कहां कितना हुआ मतदान

झारखंड में गोमिया और सिल्ली विधानसभा उपचुनाव के लिए सुबह सात बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी है। मतदान की प्रक्रिया अपरान्ह तीन बजे तक जारी रहेगी। अब तक गोमिया में 33.64 और सिल्ली में 28 फीसद मतदान हुआ है। चुनाव परिणाम 31 मई को आएंगे।
कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह सात बजे से गोमिया विस क्षेत्र के कुल 341 बूथों में मतदान की प्रक्रिया शुरू हुई। कहीं-कहीं ईवीएम में खराबी की वजह से मतदान शुरू नहीं हो सका है। गोमिया के बूथ नंबर 70 में ईवीएम की खराबी से मतदान चालू नहीं सका है। मतदान केंद्रों में वोटरों की कतार लगने लगी है। नक्सल प्रभावित झुमरा पहाड़ क्षेत्रों में भी मतदाताओं में वोट देने को लेकर उत्साह है। कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लोकतंत्र के महापर्व को लेकर लोगों में उत्साह दिख रहा है। वहीं, सिल्ली में करीब आधा दर्जन मतदान केंद्रों पर ईवीएम बदलनी पड़ी।
गोमिया के 2,68,047 तथा सिल्ली के 1,95,015 मतदाता 619 मतदान केंद्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। दोनों ही विधानसभा क्षेत्रों में 25,441 मतदाता ऐसे हैं, जो पहली बार वोट दे रहे हैं। अपराह्न तीन बजे मतदान प्रक्रिया चलेगी। सिल्ली में 10 तथा गोमिया में 13 प्रत्याशी चुनाव मैदान में खड़े हैं। एहतियात के तौर पर सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। मतदान के लिए इस्तेमाल किए जानेवाले ईवीएम में चुनाव मैदान में खड़े सभी प्रत्याशियों के फोटो लगे होंगे।
गोमिया में इनके बीच टक्कर
आजसू के लंबोदर महतो, झामुमो की बबीता देवी, भाजपा के माधव लाल सिंह, झामुमो उलगुलान के उमेश महतो, लोक जन विकास मोर्चा की जूली देवी, झारखंड दिशोम पार्टी के देवनारायण मुमरू, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के मो. सुल्तान, निर्दलीय खुदीराम महतो, गौतम तिवारी, टेकचंद महतो, धनंजय कुमार प्रजापति, निखिल कुमार सोरेन, हेमलाल महतो।
सिल्ली में इनकी प्रतिष्ठा दांव पर
सिल्ली में सुदेश महतो (आजसू), सीमा देवी (झामुमो) के अलावा लोक समता पार्टी के ज्योति प्रसाद, जन अधिकार पार्टी (लोकतांत्रिक) के संजय प्रसाद यादव, झारखंड दिशोम पार्टी के सीताराम मुंडा, निर्दलीय अमित सिंह मुंडा, दीपक कुमार मांझी, धनपति महतो, लालचन महतो, सीमा देवी।

More videos

See All