सिल्ली विधानसभा उपचुनाव में दस प्रत्याशी होंगे आमने-सामने

सिल्ली विधानसभा उपचुनाव में प्रत्याशियों के नाम वापसी के बाद अब दस प्रत्याशी एक दूसरे के सामने चुनौती पेश करेंगे। सोमवार को किसी भी प्रत्याशी ने अपना नाम वापस नहीं लिया। कुल ग्यारह लोगों ने नामाकन भरे थे, जिसमें एक उम्मीदवार निरंजन कुमार महतो का पर्चा रिजेक्ट हो गया था।  दो उम्मीदवार सीमा देवी (झामुमो) व सुदेश महतो (आजसू) का चुनाव चिन्ह पहले से तय थे। अन्य प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह बांट दिये गए हैं। इसकी जानकारी उपायुक्त राय महिमापत रे ने प्रेसवार्ता के दौरान दी। उपायुक्त ने बताया कि ईवीएम पर प्रत्याशी का नाम, चुनाव चिन्ह एवं फोटो अंकित होगा। इस बार मतदान के दौरान वीवीपैट मशीन का प्रयोग किया जा रहा है।
सिल्ली विधानसभा क्षेत्र में कुल 278 बूथ में से 22 बूथो को मॉडल बूथ बनाया गया है। कुल मतदाताओं की संख्या 1,95,015 है। मतदान 28 मई को सुबह 7 बजे से शाम 3 बजे तक होगा। 206 माइक्रो ऑ‌र्ब्जवर बनाए गए हैं, 1700 मतदान कर्मी लगाए गए है। हर बूथ पर एक माइक्रो ऑ‌र्ब्जवर होगा एवं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होंगे। उपायुक्त ने बताया कि मतदान के लिए 170 वाहनों की आवश्यकता होगी। पोलिंग पार्टियों को 27 तारीख की सुबह सात बजे से खेलगांव से रवाना किया जाएगा, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था बाधित न हो।

More videos

See All