हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष बोले, राजीव गांधी ने खुलवाए थे श्रीराम मंदिर के द्वार; फैसले का स्वागत
अयोध्या मामले पर सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का कांग्रेस स्वागत करती है।
पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने ही श्रीराम मंदिर के द्वार खुलवाए थे लेकिन चिंतनीय बात है कि उसके बाद भाजपा सरकार कई साल सत्ता में रहते हुए भी भगवान श्रीरामलला को टेंट से बाहर नहीं निकाल सकी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने यह बात रविवार को धर्मशाला मे जिला कांग्रेस की ओर से केंद्र के खिलाफ निकाली गई विरोध रैली के दौरान कही।
सुप्रीम कोर्ट ने दोनों पक्षों का सम्मान रखा है। अब उम्मीद करते हैं कि भाजपा जल्द ही श्रीराम मंदिर बनाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने यह बात भी स्वीकार की कि प्रदेश में कांग्रेस की बीच मतभेद हैं, जिन्हें दूर करने की जरूरत है। मतभेदों के कारण ही कांग्रेस को उपचुनाव में हार का सामना करना पड़ा।