dainik jagran

उत्तराखंड के खाते में बड़ी उपलब्धि, महाराष्ट्र से उत्तराखंड के संबंध मजबूत करेंगे कोश्यारी

उत्तराखंड की पहली अंतरिम सरकार के दूसरे मुख्यमंत्री रहे भगत सिंह कोश्यारी को महाराष्ट्र जैसे महत्वपूर्ण प्रदेश का राज्यपाल बनाए जाने से उत्तराखंड के हिस्से एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज हो गई। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. नारायण दत्त तिवारी के बाद कोश्यारी उत्तराखंड के दूसरे पूर्व मुख्यमंत्री हैं, जिन्हें राज्यपाल बनाया गया है। 
महाराष्ट्र के साथ उत्तराखंड के संबंधों को करेंगे मजबूत  
महाराष्ट्र के नव नियुक्त राज्यपाल और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी का कहना है कि उनके जैसे छोटे कार्यकर्ता को महाराष्ट्र जैसे बड़े प्रदेश का राज्यपाल बनाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा पार्टी ने उनका ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि वह महाराष्ट्र और उत्तराखंड के संबंधों को मजबूत करने का काम करेंगे। 
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में फिल्मसिटी के लिए प्रदेश सरकार प्रयासरत हैं। इसमें हर संभव मदद करेंगे। महाराष्ट्र में राज्यपाल पद की शपथ लिए जाने के लिए दिन निश्चित करने के संबंध में उन्होंने कहा कि हर दिन शुभ होता है। महाराष्ट्र के मुख्य न्यायाधीश और वहां के मुख्यमंत्री मिलकर जो भी दिन तय करेंगे, वह उसके अनुसार शपथ ले लेंगे। 
इससे पहले उन्हें नियमानुसार पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देना होगा। महाराष्ट्र के नवनियुक्त राज्यपाल के देहरादून आगमन पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भी उनके आवास जाकर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भगत सिंह कोश्यारी के महाराष्ट्र में जाने से दोनों राज्यों के बीच संबंध और बेहतर होंगे। 

More videos

See All