बंगाल में भाजपा सांसद अर्जुन सिंह की कार में टीएमसी कार्यकर्ताओं ने की तोड़फोड़

पश्चिम बंगाल में उत्तर 24 परगना के श्यामनगर रेलवे स्टेशन के पास भाजपा सांसद अर्जुन सिंह की कार में टीएमसी कार्यकर्ताओं ने कथित रूप से तोड़फोड़ की। अर्जुन सिंह के मुताबिक, वे हमारे पार्टी कार्यालय पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। जब मैं जाँच करने गया, तो मेरी कार में तोड़फोड़ की गई। पुलिस भी मौके पर थी।
गौरतलब है कि बंगाल भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष पर शुक्रवार को सुबह-सुबह हमला किया गया। इसी दिन उत्तर 24 परगना जिले के उत्तर बनगांव क्षेत्र के विधायक व भाजपा नेता विश्वजीत दास पर भी हमले किए गए। उन्हें लक्ष्य कर ईंट, पत्थर चलाए गए जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विधानसभा जाने के दौरान विश्र्वजीत दास पर हमला किया गया। भाजपा ने इन दोनों नेताओं पर तृणमूल के लोगों द्वारा हमले का आरोप लगाया है।
भाजपा की तरफ से बताया गया कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष 'चाय पर चर्चा' के लिए लेकटाउन के दक्षिणदाड़ी इलाके में अन्य कार्यकर्ताओं के साथ गए थे। तभी तृणमूल के लोगों ने उनको लक्ष्य कर गो बैक के नारे लगाए। घोष सुबह करीब 7 बजे अपने कार्यकर्ताओं के साथ एक चाय दुकान पर पहुंचे। वहां पहले से तृणमूल कार्यकर्ता मौजूद थे जिन्होंने घोष को देखते ही कार्यक्रम को बाधित करने के उद्देश्य से नारेबाजी शुरू कर दी। जवाब में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी भारत माता की जय, दिलीप घोष जिंदाबाद के नारे लगाए। इसी बीच, दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इस दौरान भाजपा के झंडे एवं बैनर फाड़ने का आरोप लगाया गया है।
सांसद व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने घटना पर सवाल किया कि क्या वह रास्ते पर कहीं खड़े होकर चाय भी नहीं पी सकते हैं? कहीं टहल भी नहीं सकते हैं? उन्होंने कहा कि सीबीआइ की सक्रियता बढ़ने के कारण ही तृणमूल कांग्रेस ने यह हमला कराया है। उन्होंने कहा कि मॉर्निगवाक के बाद वे चाय पर चर्चा के लिए एक चाय दुकान पर पहंुचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उन पर हमला के लिए बाहर से लोगों को बुलाया गया था। हमले में करीब दो दर्जन भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गए हैं। मुख्यमत्री ममता बनर्जी के 'दीदी के बोलो' के मुकाबले दिलीप घोष ने 'चाय पर चर्चा' कार्यक्रम शुरू किया है। इसके तहत वह लोगों से बाचीत कर उनकी समस्याएं मालूम कर रहे हैं। उधर, विधायक विश्र्वजीत दास पर भी हमले किए गए।

More videos

See All