dainik jagran

पंचायत चुनावः दून में तीन विकासखंडों के लिए दर्ज हुईं 318 आपत्तियां

 त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के आरक्षण को लेकर संभावित प्रत्याशियों और ग्रामीणों ने दूसरे दिन भी आपत्तियां दर्ज कराईं। इस दौरान कलक्ट्रेट में अलग-अलग पदों के लिए 318 आपत्तियां दर्ज की गई। जिलाधिकारी सी रविशंकर ने आपत्तियां सुनते हुए निस्तारण का भरोसा दिया। कहा कि मानक और नियम के तहत जो सही होगा, उसके अनुरूप आरक्षण निर्धारित किया जाएगा। अंतिम सूची जारी होने के बाद आरक्षण की स्थिति भी स्पष्ट हो जाएगी। 
सितंबर माह में संभावित पंचायत चुनाव को लेकर सरकार ने हाल ही में प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, जिला पंचायत सदस्य और ब्लॉक प्रमुख का आरक्षण जारी किया। इस पर सभी पंचायतों से आपत्तियां मांगी गई। जनपद के तीन-तीन विकास खंडों के लिए आपत्तियां मांगी गई। 
पहले दिन चकाराता, कालसी और विकासनगर के लिए आपत्तियां मांगी गई। वहीं, शुक्रवार को विकास खंड रायपुर, सहसपुर और डोईवाला के लिए आपत्ति मांगी गई। इसके लिए बड़ी संख्या में लोग कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां सुबह 10 बजे से शाम आठ बजे तक आपत्तियों पर जिलाधिकारी सी रविशंकर ने सुनवाई की।
ग्राम प्रधानों के लिए सबसे ज्यादा आपत्तियां दर्ज हुई हैं। इनमें तीनों विकास खंडों के प्रधानों के लिए 190 लोगों ने आपत्ति दर्ज कराई। इसी तरह क्षेत्र पंचायत के लिए 63 और जिला पंचायत के लिए 43, ब्लॉक प्रमुख के लिए 13 लोगों ने आपत्ति दर्ज कराई गई। इसके अलावा ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए भी नौ लोगों ने आपत्ति दर्ज की गई। 
जिलाधिकारी सी रविशंकर ने बताया कि सभी आपत्तियों का निस्तारण नियम अनुसार किया गया। पंचायतराज एक्ट में जो मानक तय किए गए हैं, उसके अनुरूप ही अवरोही और आरोही क्रम से लेकर आबादी आदि को देखते हुए आरक्षण तय हुआ है। इसमें किसी तरह की कोई गड़बड़ी नहीं है। 
 
 

More videos

See All