अफरीदी के कश्मीर बयान पर भड़के गौतम गंभीर, कहा- 'कुछ लोगों की समझ विकसित नहीं होती'

जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 को हटाने के बाद पाकिस्तान हर मोर्चे पर प्रॉपेगैंडा करने में जुटा हुआ है। इसमें उसकी क्रिकेट टीम के कुछ पूर्व खिलाड़ी भी शामिल हैं। दरअसल, शाहिद अफरीदी के एलओसी का दौरा करने के बयान पर पूर्व भारतीय क्रिकेटर एवं सांसद गौतम गंभीर ने करारा जवाब दिया है। बुधवार को अफरीदी पर निशाना साधने के बाद गंभीर ने आज अफरीदी की उम्र और समझ पर तंज कसा। 

गंभीर बोले-कुछ लोगों की उम्र और समझ नहीं बढ़ती
गंभीर ने अफरीदी की समझ पर सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ लोगों की सोच-समझ उम्र के साथ नहीं बढ़ती है। गंभीर और अफरीदी के बीच तल्खी का पुराना इतिहास रहा है और दोनों के बीच मैदान पर भी तीखी तकरार हो चुकी है। 

अफरीदी के बयान पर गंभीर का सख्त पलटवार 
पूर्वी दिल्ली से बीजेपी सांसद गंभीर ने अफरीदी को सलाह दी कि उन्हें राजनीति में शामिल होना चाहिए। गौतम ने कहा, 'मुझे लगता है कि उनके बारे में (शाहिद अफरीदी) ज्यादा कुछ कहने की जरूरत नहीं है। कुछ लोग ऐसे होते हैं जो कभी बड़े नहीं होते। क्रिकेट खेलने के वक्त उनकी जितनी उम्र होती है वही उनकी बाद में भी रहती है। उनका दिमाग वक्त के साथ विकसित नहीं होता।' गंभीर ने यह भी कहा कि अगर अफरीदी को राजनीति का इतना शौक है और हर मुद्दे पर राजनीति करनी है तो उन्हें पॉलिटिक्स ही जॉइन कर लेना चाहिए। 

केंद्र सरकार का पर्यावरण पर जोर, ग्रीनरी बढ़ाने के लिए 27 राज्यों को दिए 47,000 करोड़ रुपये
गंभीर ने बुधवार को भी कसा था तंज 
अफरीदी के एलओसी जाने के ट्वीट पर गंभीर ने बुधवार को भी तंज कसा था। गंभीर ने अफरीदी के ट्वीट का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा, 'दोस्तो, इस फोटो में शाहिद अफरीदी खुद शाहिद अफरीदी से पूछ रहे हैं कि उन्हें शाहिद अफरीदी को अगली बार शर्मिंदा करने के लिए क्या करना चाहिए जिससे कि यह साबित हो सके कि शाहिद अफरीदी ने परिपक्व होने से इनकार कर दिया है।' तंज कसते हुए उन्होंने आगे लिखा, 'मैं उनकी मदद के लिए ऑनलाइन बच्चों का ट्यूटोरियल ऑर्डर कर रहा हूं।'

अफरीदी ने कहा था, गौतम गंभीर दोस्त नहीं हो सकते 
ऐसा नहीं है कि ऐसी तल्खी गौतम गंभीर के साथ ही रही हो। शाहिद अफरीदी ने अपनी आत्मकथा गेम चेंजर में गौतम गंभीर के व्यवहार पर सवाल उठाया था। उन्होंने कहा था कि भारतीय टीम में कई खिलाड़ी उनके अच्छे मित्र रहे हैं, लेकिन गौतम गंभीर कभी उनके मित्र नहीं हो सकते। अफरीदी ने यह भी कहा था कि गंभीर के पास कोई बड़ा रेकॉर्ड नहीं है, लेकिन उनमें बहुत अधिक ऐटिट्यूड है। 

More videos

See All