dainik jagran

कांग्रेस नेताओं के मुंह से मोदी की तारीफ पर बिफरे राज्‍य अध्‍यक्ष, कह दी बड़ी बात

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने कहा पार्टी के वरिष्ठ नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करना सही नहीं है। उज्ज्वला योजना एक सामान्य प्रक्रिया है। उन्होने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश व कुछ अन्य नेताओं द्वारा प्रधानमंत्री के कार्यों की सराहना पर हैरानी जताते हुए इसे गैरजरूरी बताया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की गलत नीतियों और कार्यो का विरोध किया जाना चाहिए था। लेकिन उज्ज्वला योजना व अन्य विकास कार्य जो एक सामान्य प्रक्रिया है, वे उसकी बेबजह तारीफ कर रहे हैं। केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद होनी चाहिए।
आज देश आर्थिक मंदी की ओर बढ़ रहा है। सभी प्रमुख औद्योगिक घराने जैसे ऊर्जा, रियल एस्टेट, ऑटो सेक्टर आदि अपने कर्मचारियों की छंटनी करने को मजबूर हो रहे हैं। यह सब भाजपा की गलत आर्थिक नीतियों की ही वजह है। नोटबंदी और बिना किसी तैयारी के जीएसटी के फैसले से देश में आर्थिक संकट पैदा हो गया है। राठौर ने कांग्रेस के ऐसे वरिष्ठ नेताओं की बयानबाजी पर हैरानी जताते हुए कहा कि इससे देश मे पार्टी कार्यकर्ता हतोत्साहित हो रहे हैं। उन्होंने पार्टी नेताओं और प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे ऐसी बयानबाजी से बचें जिससे लोगों के बीच कोई गलत संदेश जाए।

More videos

See All