बेटे रोहन ने नम आंखों से गंगा में प्रवाहित की पिता अरुण जेटली की अस्थियां

भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली की अस्थियां सोमवार को उनके बेटे रोहन जेटली की ओर से हर की पौड़ी के अस्थि प्रवाह घाट पर प्रवाहित की गई। तीर्थ पुरोहित देवेंद्र काकड़ ने अस्थि विसर्जन से संबंधित कर्मकांड कराया। इस दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल, शहरी विकास मंत्री, स्थानीय विधायक, भाजपा पदाधिकारी आदि मौजूद रहे।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. जयपाल सिंह चौहान ने बताया कि पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली के अस्थि प्रवाहित की गईं। हर की पौड़ी पर उनके परिवार के लोग अस्थि विसर्जन के लिए दिन में आए। इसमें स्थानीय स्तर पर पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। जिला महामंत्री विकास तिवारी ने बताया कि अस्थि प्रवाह के दौरान शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक भी शामिल हुए। 
बता दें कि बीते रोज दिल्‍ली में भाजपा के कद्दावर नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली पंचतत्व में विलीन हो गए। राजकीय सम्मानपूर्वक निगम बोध घाट पर उनकी अंत्येष्टि की गई। मुखाग्नि पुत्र रोहन जेटली ने दी। अंतिम विदाई देने के लिए सभी दलों और वर्गों के लोग पहुंचे। बारिश के बावजूद आखिर तक लोग जमे रहे।
लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे अरुण जेटली ने 24 अगस्त 2019 (शनिवार) दोपहर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में अंतिम सांस ली थी। रविवार सुबह उनके पार्थिव शरीर को कैलाश कॉलोनी स्थित आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। साढ़े नौ बजे जब पार्थिव शरीर को भाजपा मुख्यालय ले जाने के लिए घर से निकाला गया, तो लोग पैदल ही पीछे चलने लगे। 10.50 पर पार्थिव शरीर दीनदयाल उपाध्याय रोड स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचा, जहां हर खास व आम ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। पंजाब, उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों से लोग पहुंचे थे। 

More videos

See All