बसपा नेता व पूर्व मंत्री भूरा राम समर्थकों संग सपा में हुए शामिल, अखिलेश बोले- हम जमीन पर करेंगे काम

संगठनात्मक इकाइयों को भंग करने के बाद समाजवादी पार्टी ने पार्टी का विस्तार भी शुरू कर दिया है। उन्होंने अन्य दलों के प्रमुख नेताओं के लिए भी दरवाजे खोल दिए हैं। सोमवार को बसपा सरकार में पूर्व स्वास्थ्य राज्यमंत्री भूरा राम अपने समर्थकों संग सपा में शामिल हो गए। इनके साथ ही फूलन सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल निषाद पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
सपा मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान अखिलेश ने कहा कि बहुत खुशी है कि बहुत पुराने नेता, समाज मे सबसे कमजोर लोगों की आवाज उठाने वाले भूरा राम समाजवादी पार्टी में शामिल हो रहे हैं। उनका स्वागत है। हम जमीन पर काम करेंगे। उन्होंने चुनाव के दौरान सपा और बीएसपी की मदद करने वालो को धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा कि देश और उत्तर प्रदेश बहुत ही नाजुक दौर से गुजर रहा है। किसान दुखी हैं और आत्महत्या कर रहे हैं। कानून व्यवस्था पर सरकार का अंकुश नहीं रह गया है। लग रहा है कि उत्तर प्रदेश हत्या प्रदेश बन गया है। उन्होंने कहा इन्वेस्टमेंट के बहाने उद्योगपति तो बुलाए गए, लेकिन जमीन पर कुछ नहीं उतरा। अर्थ व्यवस्था में हम पिछड़ रहे हैं। आज स्थिति यह है कि केंद्र की गलत नीतियों के कारण डालर के मुकाबले रुपया गिर रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों का ध्यान इन मुद्दों से हटाने के लिए लोगों को आपस में लड़ा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र ईडी और सीबीआई की मदद से चल रहा है। अखिलेश ने महंगी हो रही बिजली पर भी सरकार को घेरा। पिछले चुनाव का जो भी परिणाम आया हमने उसे स्वीकार किया। उन्होंने इस दौरान पार्टी और संघटन के लोगों को धन्यवाद दिया। उन्होंने किसान एप का उद्घाटन भी किया। उन्होंने कहा कि यह काम सरकार को करना चाहिए, लेकिन हमे करना पड़ रहा है।
पूरी बलिया को सपा में जॉइन करा दूंगा : घूरा राम
सपा में शामिल होने के बाद पत्रकार वार्ता के दौरान घूरा राम ने कहा कि युवाओं में अखिलेश यादव को लेकर काफी उत्साह है। नौजवान सपा सुप्रीमो को सबसे ज्यादा मानते हैं।बीएसपी से सपा में आने के लिए हमारे समर्थक बोल रहे है। सपा में आने वालों की आंधी आ गई है। मैं पूरी बलिया को सपा में जॉइन करा दूंगा।
दिल्ली इकाई को तत्काल प्रभाव से भंग
प्रेस कांफ्रेंस से पहले अखिलेश यादव ने दिल्ली इकाई को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव की तरफ से इस आशय का पत्र जारी किया गया है। बता दें कि पिछले हफ्ते सपा ने यूपी के सभी फ्रंटल विंग्स को भंग कर दिया था।

More videos

See All