जेल से छूटे पूर्व मंत्री एनोस एक्का, पांच दिनों के पैरोल पर गए सिमडेगा

सिमडेगा के कोलेबिरा के पूर्व विधायक सह झारखंड के पूर्व मंत्री एनोस एक्का पांच दिनों के पैरोल पर गुरुवार को जेल से छूटकर सिमडेगा पहुंच गए हैं। अभी वे बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार में बंद हैं और पारा टीचर हत्याकांड में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं। पूर्व मंत्री एनोस एक्का के भाई की बेटी की सिमडेगा के कोलेबिरा में बपतिस्मा (ईसाई धर्म में शामिल करने का संस्कार) संस्कार कार्यक्रम है। इसी कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर उन्होंने जेल प्रशासन से पैरोल के लिए आग्रह किया था। उनके आवेदन पर संतुष्ट होने के बाद जेल प्रशासन ने उन्हें पांच दिनों का पैरोल दिया है। 15 अगस्त को छूटने के बाद वे जेल से सुरक्षाकर्मियों के साथ कोलेबिरा पहुंचे। घर पहुंचने पर एनोस एक्‍का का परिवार जनों ने खूब स्‍वागत किया। 
पूर्व मंत्री एनोस एक्का 26 नवंबर 2014 की रात कोलेबिरा प्रखंड के लसिया गांव निवासी पारा शिक्षक मनोज कुमार के अपहरण व हत्या के मामले में गिरफ्तार किए गए थे। 27 नवंबर को पारा शिक्षक का शव जटाटांड़ जंगल से बरामद किया गया था। 29 जून 2018 को एनोस एक्का व उनके सहयोगी धनेश बड़ाईक दोषी करार दिए गए थे। इसके बाद उन्हें उम्र कैद की सजा सुनाई गई थी। सजा सुनाए जाने के बाद उन्हें सिमडेगा जेल से बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार में शिफ्ट किया गया था। तब से ही एनोस एक्का सेंट्रल जेल के अपर डिविजन सेल में रखे गए थे। 

More videos

See All