सतपाल रायजादा के खिलाफ भाजपा के आरोप एक साजिश : कांग्रेस

ऊना के कांग्रेस विधायक सतपाल रायजादा के खिलाफ भाजपा के आरोपों को कांग्रेस ने साजिश करार दिया है। कांग्रेस नेताओं पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू, विधायक लखविंदर राणा, विधायक राम लाल ठाकुर, विधायक हर्षवर्धन चौहान, विधायक अनिरुद्ध सिंह, पूर्व सीपीएस रोहित ठाकुर, पूर्व विधायक हरभजन सिंह भज्जी, पूर्व विधायक सोहन लाल, पूर्व विधायक कुलदीप पठानिया, कांग्रेस नेता सुनील शर्मा, नरेश चौहान, सुरेंद्र चौहान इत्यादि ने विधायक के स्टाफ के साथ पुलिस की जबरन कार्रवाई की भी कड़े शब्दों में निंदा की है।
कांग्रेस नेताओं के अनुसार विधायक रायजादा की छवि धूमिल करने के लिए पुलिस ने कहानी गढ़ी है। उनके पीएसओ, पीए व ड्राइवर को भी झूठा केस बनाकर हिरासत में लिया गया है। साथ ही विधायक की गाड़ी भी जब्त कर ली गई। सुक्खू ने कहा कि सतपाल रायजादा की बढ़ती लोकप्रियता के कारण भाजपाई बौखला गए हैं। उन्हें बदनाम करने के लिए सरकार के इशारे पर पूरी कहानी सुनियोजित तरीके से गढ़ी गई है।
सुक्खू ने कहा कि सरकार पुलिस का दुरुपयोग कर विपक्ष की आवाज को नहीं दबा सकती। विपक्ष को झूठे षड्यंत्र रचकर कुचलने का प्रयास किया जा रहा है। इसे कतई सहन नहीं किया जाएगा। कांग्रेस विधायक सतपाल रायजादा ने भी भाजपा को खुली चुनौती देते हुए कहा है कि उनके खिलाफ लगाया गया एक भी आरोप साबित हुआ तो वह राजनीति छोड़ देंगे।
 

More videos

See All