शाह को फिर दम दिखाएंगे बीरेंद्र सिंह, दस जिलों से भीड़ जुटाने पर फोकस

पूर्व केंद्रीय मंत्री व राज्यसभा सदस्य चौ. बीरेंद्र सिंह एक बार फ‍िर गृहमंत्री अमित शाह के सामने अपना दम दिखाएंगे। शाह की अगुआई में पांच साल पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा ज्वाइन करने वाले बीरेंद्र सिंह ने भीड़ जुटाने के लिए दस जिलों पर फोकस किया है। इसके लिए बीरेंद्र ने अपने साथियों की जिम्मेदारी सौंप दी है। हरियाणा बनने के बाद प्रदेश की राजनीति में बीरेंद्र सिंह का बड़ा कद रहा है। खासकर उत्तरी हरियाणा के बांगर इलाके उनका अपना अलग सियासी रूतबा है। भाजपा में आने से पहले कांग्रेस में भी बीरेंद्र सिंह गांधी परिवार और आलाकमान के नजदीकी रहे। कांग्रेस सरकार में प्रदेश में मंत्री और राज्यसभा सदस्य भी रहे। अब भाजपा में आने के बाद भी केंद्रीय नेतृत्व के सामने उनका अपना अलग कद है। वह खुद राज्यसभा सदस्य हैं तो उनकी प्रेमलता उचाना से विधायक हैं और बेटा बृजेंद्र हिसार से सांसद हैं।
खास बात यह है कि बीरेंद्र सिंह ने अपने अंदाज में सियासत की है। छोटूराम के नाती होने के कारण उन्होंने कभी खुद पर दाग नहीं लगने दिया। कभी समर्थकों पर रैलियों का बोझ नहीं डाला। इसी कारण प्रदेश के हर जिले में बीरेंद्र के समर्थकों की अच्छी संख्या है। इन्हीं समर्थकों के बूते पर बीरेंद्र सिंह जींद में बड़ी रैली करने जा रहे हैं। जींद में यह अमित शाह की तीसरी रैली होगी।
16 अगस्त 2014 को शाह की पहली रैली के आयोजक भी बीरेंद्र सिंह ही थे। इसके बाद पिंडारा गांव के पास 15 फरवरी 2018 को बाइक रैली में शाह मुख्य अतिथि थे। अब 16 अगस्त को बीरेंद्र उसी एकलव्य स्टेडियम में शाह को बांगर में अपनी पकड़ दिखाएंगे। रैली में रिकॉर्डतोड़ हाजिरी दिखाने के लिए बीरेंद्र सिंह खुद हर चीज की मॉनीटरिंग कर रहे हैं। सोमवार को उन्होंने रैली की व्यवस्था संभाल रहे जवाहर सैनी, अमरपाल राणा, जुलाना हलके के वरिष्ठ नेता समुद्र लाठर, देवव्रत ढांडा, अमित काजल, संजीव बुआना, शिवनारायण शर्मा के साथ बैठक करके तैयारियों की रिपोर्ट ली। 
हरियाणा में शाह की पहली बड़ी रैली
बीरेंद्र सिंह ने दैनिक जागरण से बातचीत में कहा कि आस्था रैली में जींद के आसपास के दस जिलों से लोग पहुंचेंगे। गांवों से महिलाओं के लिए विशेष वाहनों की व्यवस्था कर ली गई है। बीरेंद्र दावा करते हैं कि हरियाणा में यह पहली रैली होगी, जिसमें उमड़ी भीड़ को देखकर शाह गदगद हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाने के बाद दिल्ली से बाहर शाह की यह पहली बड़ी रैली होगी। जनता में शाह को नजदीक से देखने व उनका भाषण सुनने का क्रेज है। 

More videos

See All