धमाका करना है तो हुड्डा को छोड़नी पड़ेगी कांग्रेस : बीरेन्द्र

पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस में रहकर पूर्व सीएम हुड्डा कोई धमाका नहीं कर पाएंगे। धमाका करना है तो उन्हें पहले कांग्रेस छोड़नी पड़ेगी। कांग्रेस में रहकर तो छोटे फायर ही हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कोई जनाधार नहीं रह गया। साथ ही चुटकी भी ली कि वे पुराने कांग्रेसी हैं वे नहीं चाहते कि कांग्रेस का बोरिया बिस्तर इतना जल्दी लदे।
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राज्य सभा सांसद बीरेंद्र सिंह शनिवार को यहां पत्रकारों से बात कर रहे थे। कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बदले जाने के सवाल पर बीरेन्द्र ने कहा कि उन्हें नेहरू गांधी परिवार से हटकर कोई नजर नहीं आता और नेहरू-गांधी परिवार सोचता है कि अगर हम दूर हो जाएं तो कांग्रेस वापसी कर सकती है। इस चीज का फैसला वे वहीं बैठकर करेंगे। हो सकता है कि साल दो साल बाद फिर राहुल गांधी को ही कमान सौंप दें। मगर धारा 370 के फैसले के बाद कांग्रेस का वजूद समाप्त हो गया है। गौरतलब है कि बीरेंद्र सिंह आजकल रैली की तैयारियों में जुटे हैं और कार्यकर्ताओं को न्योता देने के बैठकें कर रहे हैं।

More videos

See All