सुल्तानपुर को मिली नई बसों की सौगात, मेनका गांधी ने कहा: मैंने पूरा किया वादा

सांसद मेनका गांधी ने आज यानी गुरुवार को जिले वालों को नई बसों की सौगत देने पहुंची। इस दौरान उनके साथ हीरो कंपनी के मालिक पंकज मुंजाल भी मौजूद रहे। सांसद ने दो बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कुल 15 बसों की मांग की गई थी, जिनमें 6 ऐसी बसें हैं। वह भी जल्द प्राप्त होंगी। 
वहीं, मेनका गांधी ने कहा कि धनपतगंज और इसौली के लोगों ने मुझसे बस चलाने की मांग की थी। वह मैंने पूरा किया। आज दो बसें एक धनपतगंज और दूसरी बल्दीराय के लिए शुरू किया है। कादीपुर का बस अड्डा जल्द अत्याधुनिक होगा। इसी साल बन जाएगा। मेरे रहते कोई गुंडागर्दी दबंगई नहीं चलेगी। यह क्षेत्र मेरा और आप सबका है। 
मेनका गांधी ने कहा कि मुझे केवल 100 दिन हुआ है, लेकिन ऐसा लगता है कि मैंने एक साथ जीवन बिताया है। मैंने कहा था कि बसें चलेगी इसौली में तो चलाया। कहा कि दबंग जेल जाएंगे तो गए। यह बात अलग है कि वह फिर बाहर निकल आये बेल पर, लेकिन फिर जेल जाएंगे। 
महिलाओं को मिल सकेगा नि:शुल्क पैड 
इसके बाद मेनका गांधी महिला स्वास्थ्य से जुड़े एक कार्यक्रम में पहुंची। उनके साथ डीएम सी इंदुमती, हीरो कंपनी के मालिक पंकज मुंजाल व उनकी बहू ऐशवर्या मुंजाल मौजूद रहें। महिला जागरूकता के लिए काम करने वाली प्रतिभा सिंह को बड़ी सैनिट्री नैपकिन मशीन दिलवाई। इससे प्रतिदिन 20 हजार पैड का उत्पादन हो सकेगा। इससे जयसिंहपुर में महिलाओं को नि:शुल्क पैड मिल सकेगा।  जिससे उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी बीमारियों से बचाया जा सकेगा। मेरी कोशिश होगी कि प्रतिभा की तरह काम करने वाले लोगों को प्रोत्साहित करें। ऐसे सभी समूह को आगे बढ़ाएंगे। हम हर तरीके से मदद करेंगे। 
व्यावसायिक खेती के लिए करें पतियों को प्रेरित 
मेनका गांधी ने कहा कि महिलाएं भी किसानों व अपने पतियों को प्रेरित करें कि व्यावसायिक खेती करें। गन्ने का सिरका बनाया जा सकता है, इसकी बहुत मांग है। इसके अलावा विशेष प्रकार का सेब लायी हूं,  जो यहां उगाया जा सकता है। इस बार मैंने 150 सेब के पौधे बांटे हैं। मशरूम की खेती करके भी किसान मुनाफा कमा सकते हैं। महिलाएं भी मशरूम की खेती को आगे आएं, उसके लिए बाजार भी मैं उपलब्ध कराऊंगी। मेहंदी की खेती भी यहां बड़े पैमाने पर हो सकती है, इससे करोड़ों का मुनाफा कमाया जा सकता है। बीज हम आपको दे रहे हैं।
तीन चीजों पर अहम फोकस 
मेनका ने कहा कि मैंने तीन चीजों पर खास फोकस किया है। पहला शौचालय, जो दिसंबर तक हर किसी के घर में बन जायेगा। दूसरा किसान सम्मान निधि का लाभ जिन किसानों को नहीं मिल पा रहा, उनमें तेजी दिखाई जाए। जिससे पूरे प्रदेश में जिला दूसरे, तीसरे नंबर पर आ गया। तीसरा बिजली कटौती, जो हमारे लिए चुनौती है। ट्रांसफॉर्मर की क्षमता अब 16 से बदलकर 63 केवीए कराया जा रहा है। 99 गांव में मेरे प्रयास से जर्जर तारों को बदलने की इजाजत मिली है। शर्मनाक है कि जर्जर तारों से कई लोगों की मौत हुई। उन्हें मुआवजा दिया जा रहा है, लेकिन भगवान न करे कि आगे किसी के साथ दुर्घटना हो और मुआवजा देना पड़े। 

More videos

See All