प्रियंका गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाने और राजस्थान से राज्यसभा में भेजने की मांग

 राजस्थान के वरिष्ठ विधायक और पूर्व सांसद खिलाड़ी लाल बैरवा ने प्रियंका गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने की मांग की है। बैरवा ने प्रियंका को राजस्थान से राज्यसभा में भी भेजे जाने की मांग पार्टी नेतृत्व से की है। मीडिया से बातचीत में बैरवा ने कहा कि अध्यक्ष पद से राहुल गांधी के इस्तीफे के बाद से कांग्रेस में जो परिस्थितियां बनी हैं, उनसे कार्यकर्ता परेशान है। पार्टी में असमंजस के हालात हैं। ऐसे में प्रियंका गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष बनाकर कार्यकर्ताओं के मन की बात सुननी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी यदि राजस्थान से राज्यसभा में जाती हैं तो पार्टी को प्रदेश में फायदा होगा। पूर्व पीएम मनमोहन सिंह को राजस्थान से राज्यसभा में भेजे जाने की अटकलों को लेकर उन्होंने कहा कि वह नेक इंसान हैं, लेकिन आज के हालात को ध्यान में रखते हुए प्रियंका गांधी का कद बढ़ाया जाना जरूरी है।
उल्लेखनीय है कि उपमुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट के खास माने जाने वाले बैरवा ने पिछले दिनों अशोक गहलोत को हटाकर पायलट को मुख्यमंत्री बनाए जाने की भी मांग की थी। उन्होंने लोकसभा चुनाव में हार के लिए गहलोत को जिम्मेदार बताया था। कांग्रेस के दिग्गज नेता कर्ण सिंह सहित कई नेता प्रियंका गांधी को अध्यक्ष बनाए जाने की वकालात कर चुके हैं।

More videos

See All