कांग्रेस, इनेलो ने प्रदेश को लूटा : राजकुमार सैनी

लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद राजकुमार सैनी ने कहा है कि मौजूदा राजनीतिक हालातों में भ्रष्टाचार की पोल खुलने के डर से कांग्रेस व इनेलो के नेता अपने बिलों में दुबक गए हैं। इन्होंने अपनी सरकार के कार्यकाल के दौरान प्रदेश को लूटने के अलावा दूसरा कोई काम नहीं किया। आज प्रदेश की जनता के हितों की आवाज केवल लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी ही बुलंद कर रही है। राजकुमार सैनी रविवार को लाडवा की अनाज मंडी में सत्ता परिवर्तन रैली को संबोधित कर रहे थे।
सैनी बीती एक जुलाई से शुरू की गई प्रदेशव्यापी परिवर्तन रथ यात्रा के तहत राज्य के 75 विधानसभा क्षेत्र कवर करके आज लाडवा पहुंचे थे। सैनी ने कहा कि आरक्षण के नाम पर गुंडागर्दी करने वालों तथा ऐसे तत्वों का समर्थन करने वाले नेताओं को हरियाणा की जनता मुंह नहीं लगाएगी। सैनी ने कहा कि आगामी चुनाव में लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी का सीधा मुकाबला भाजपा के साथ होगा। जनसभा के दौरान भाजपा के बूथ एजेंट गुरचरण सिंह अपने साथियों के साथ लोकतंत्र सुरक्षा पार्टी में शामिल हो गए। इस अवसर पर लोसुपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीपाल सैनी, महिला प्रकोष्ठ की प्रभारी राजबाला सैनी समेत कई नेता मौजूद थे।

More videos

See All