सियासत में आएगी नई गर्मी; नड्डा, शाह और मोदी देंगे हरियाणा भाजपा के मिशन 75 को रफ्तार

हरियाणा की राजनीति में नई गर्मी आने वाली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के कार्यकारी प्रधान जेपी नड्डा राज्‍य को दौरा करेंगे। वे हरियाणा में भाजपा के मिशन 75 काे गति देंगे। हरियाणा में अक्टूबर के आखिरी सप्ताह में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने पूरा रोडमैप तैयार कर लिया है।
भाजपा के लिए चुनावी माहौल तैयार करने को भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा आएंगे। अमित शाह अगले महीने दो बार हरियाणा आने वाले हैं। 6 अगस्त को हिसार आएंगे और 16 अगस्त को राज्यसभा सदस्य बीरेंद्र सिंह के बुलावे पर जींद पहुंचेंगे।
भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद जेपी नड्डा पहली बार हरियाणा आ रहे हैं। 27 व 28 जुलाई के रोहतक प्रवास के दौरान नड्डा 13 बैठकों व कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इन कार्यक्रमों के लिए पार्टी ने अलग-अलग प्रमुख नियुक्त कर दिए हैं। नड्डा रोहतक प्रवास के दौरान कार्यकर्ताओं से अलग-अलग बैठकें करेंगे और 4200 शक्ति केंद्र प्रमुखों व पालकों के साथ सीधे संवाद किया जाएगा। इस बैठक के प्रमुख जवाहर सैनी होंगे।
रोहतक शहर में सदस्यता कार्यक्रम के लिए अरविंद यादव को प्रमुख बनाया गया, जबकि स्वच्छता कार्यक्रम की जिम्मेदारी प्रदीप अहलावत को दी गई है। पौधारोपण कार्यक्रम की जिम्मेदारी रणबीर ढाका को सौंपी गई। नड्डा पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं के घर जलपान पर भी जाएंगे, जिसकी जिम्मेदारी सहकारिता राज्य मंत्री मनीष ग्रोवर को सौंपी गई है। 'मन की बात' कार्यक्रम के प्रमुख का दायित्व मुकेश गौड़ को सौपा गया है। सभी कार्यक्रम प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेदपाल की निगरानी में होंगे।
जेपी नड्डा के दौरे के दौरान दो अहम बैठकतें होंगी। एक बैठक भाजपा कोर ग्रुप की रहेगी और दूसरी बैठक में विधायकों तथा सांसदों के साथ संवाद किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी करनाल के सांसद एवं प्रदेश महामंत्री संजय भाटिया को सौंपी गई है। जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारी, प्रदेश पदाधिकारी, बोर्ड एवं निगमों के चेयरमैन और सदस्यता प्रमुखों की बैठक के कार्यक्रम प्रमुख सत्यवान शेरा होंगे। मीडिया विभाग की बैठक रणदीप घनघस और अरुण यादव की देखरेख में होगी। प्रेस आयोजन की जिम्मेदारी गुरुग्राम के विधायक उमेश अग्रवाल को दी गई है। इन कार्यक्रमों के प्रभारी प्रदेश महामंत्री संदीप जोशी होंगे।

More videos

See All