19 को नगड़ी में 400 खिलाड़ियों को भाजपा की सदस्यता दिलाएंगे शिवराज सिंह चौहान

भाजपा के राष्ट्रीय सदस्यता प्रभारी शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को नगड़ी में 400 खिलाड़ियों को भाजपा की सदस्यता दिलाएंगे। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा के बाद राष्ट्रीय सदस्यता प्रभारी शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को सदस्यता अभियान में हिस्सा लेने के लिए रांची आ रहे हैं। एक महीने के भीतर यह उनका दूसरा रांची दौरा है। 8 जुलाई से चल रहे पार्टी के सदस्यता अभियान की वे समीक्षा करेंगे
भाजपा के राष्ट्रीय नेताओं के झारखंड में लगातार दौरे हो रहे हैं। झारखंड में होनेवाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए इसे काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी का पूरा फोकस सदस्यता अभियान पर है। इस कार्यक्रम में पार्टी संगठन पूरी गंभीरता से लगा हुआ है। कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने साफ कहा है कि अगर विधानसभा चुनाव में 65 प्लस सीटें लानी हैं तो हर हाल में 25 लाख सदस्य बनाने ही होंगे। नड्डा ने स्वयं ओरमांझी प्रखंड के पांचा गांव में आयोजित सदस्यता अभियान में भाग लिया था। शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को नगड़ी प्रखंड के जाजपुर में आयोजित सदस्यता अभियान में शामिल होंगे।
प्रदेश सदस्यता प्रभारी प्रदीप वर्मा ने गुरुवार को बताया कि शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार दोपहर 12.30 बजे सेवा विमान से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचेगे। स्वागत के बाद वे नगड़ी प्रखंड अंतर्गत सपारोम पंचायत के जाजपुर गांव जाएंगे। जाजपुर में 1.20 बजे वे पांच आदिवासी परिवारों को भाजपा की सदस्यता दिलाएंगे। वे आदिवासी परिवारों में भोजन भी करेंगे। 1:50 बजे वे स्वर्णरेखा बैंक्वेट हाॅल, नगड़ी में 400 खिलाड़ियों को पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे। वे यहां पर जनसंघ कालीन वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित करेंगे। अपराह्न 4:15 बजे से वे सदस्यता अभियान की समीक्षा करेंगे। इस बैठक में प्रदेश पदाधिकारी और जिला सदस्यता प्रभारी भाग लेंगे। शाम 6 बजे शिवराज सिंह योगदा आश्रम जाएंगे, जहां पर वे वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लेंगे। प्रदीप वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रात 8 बजे सेवा विमान से नई दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे।

More videos

See All