बाबूलाल को झटका, झाविमो के प्रवक्ता-कोषाध्यक्ष भाजपा में शामिल

लोकसभा चुनाव में औंधे मुंह गिरे पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी का कुनबा तेजी से बिखर रहा है। बुधवार को झाविमो के प्रवक्ता योगेंद्र प्रताप सिंह, कोषाध्यक्ष केके पोद्दार तथा अल्पसंख्यक मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष मुन्ना मलिक समेत दर्जनों कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो गए। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। मौके पर गिलुवा ने कहा कि लोक कल्याणकारी डबल इंजन की सरकार जैसे-जैसे विकास पथ पर अग्रसर हो रही है, विभिन्न दलों और आम जनता का विश्वास भाजपा पर बढ़ता जा रहा है।
अब देश में तुष्टीकरण, वोटबैंक, जातिवाद और वंशवाद की राजनीति समाप्त हो रही है। मौके पर योगेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि आज भाजपा का नेतृत्व जनता की आवाज बन चुका है। केके पोद्दार ने कहा कि मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में उग्रवाद समाप्त हुआ है तथा विकास का वातावरण तैयार हुआ है। मुन्ना मलिक ने कहा कि कांग्रेस, झामुमो, झाविमो सहित अन्य विपक्षी दलों ने अल्पसंख्यकों को आजतक सिर्फ वोट बैंक समझा है। भाजपा के प्रदेश महासचिव दीपक प्रकाश भी मौके पर मौजूद थे।

More videos

See All