महंगाई व भ्रष्टाचार को लेकर सरकार के खिलाफ मुखर हुई कांग्रेस, प्रदेशभर में धरना आज

प्रदेश कांग्रेस महंगाई, भ्रष्टाचार व कानून-व्यवस्था समेत तमाम मुद्दों को लेकर सरकार को घेरेगी। इसके लिए सोमवार को प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से कांग्रेसी कार्यकर्ता देहरादून के गांधी पार्क में एकत्र होकर सरकार के खिलाफ धरना देंगे। प्रदेश कांग्रेस इस समय विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ मुखर हो रही है। हाल ही में बाजपुर और श्रीनगर नगर पालिकाओं के चुनाव में मिली जीत से उत्साहित कांग्रेस अब पंचायत चुनावों से पहले अपने पक्ष में माहौल बनाने की तैयारी कर रही है। 
इस कड़ी में सोमवार को देहरादून में प्रदेश स्तरीय आंदोलन के तहत धरना देने का एलान किया गया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि महंगाई, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, गैरसैंण में भूमि खरीद पर लगी रोक हटाने, पंचायती राज एक्ट के विरोध, बेरोजगारी, आंदोलनकारियों पर दर्ज मुकदमें वापस लेने, कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और राफेल खरीद के मुद्दे पर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बरसात को देखते हुए दूरदराज के कार्यकर्ताओं को इस धरना कार्यक्रम से छूट दी गई है। पार्टी के शेष नेता धरना स्थल पर उपस्थित रहेंगे। 
उन्होंने कहा कि भाजपा को अब हर बात पर कांग्रेस के सिर ठीकरा फोड़ने की बजाए अपनी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रदर्शन लोकसभा चुनाव में अच्छा नहीं रहा लेकिन बाजपुर और श्रीनगर में जनता ने कांग्रेस प्रत्याशियों को जिताकर भाजपा सरकार के प्रति अपने आक्रोश को प्रकट किया है। कांग्रेस भी जनभावना के साथ चलते हुए प्रदेश सरकार को घेरेगी। सत्ता में आई तो गैरसैंण पर लेंगे ठोस निर्णय कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि गैरसैंण के मसले पर अब निर्णय लेने का समय आ गया है। कांग्रेस यदि सत्ता में आई तो वह गैरसैंण के मसले पर स्पष्ट निर्णय लेगी।

More videos

See All