आतंकवाद को जड़ से समाप्त करने में जुटी मोदी सरकार : जुगल

जम्मू-पुंछ लोकसभा क्षेत्र से सांसद जुगल किशोर शर्मा ने कहा कि आतंकवाद को जड़ से समाप्त करने और सीमांतवासियों की समस्याओं का समाधान करने के लिए मोदी सरकार प्रभावी कदम उठा रही है। हम चाहते हैं कि अनुच्छेद 370 और 35ए से हमे जल्द छुटकारा मिले। खामियां दूर हों और विकास का रास्ता आगे बढ़े। हमारी कोशिश होगी कि यह दोनों अनुच्छेद समाप्त किए जाएं।
सांसद ने जनता के मुद्दों का हल करने का पूर्ण विश्वास दिलाया  
सांसद ने कहा कि पहले वाली सरकारों ने आतंकवाद को समाप्त करने के लिए काम किया, लेकिन अब मोदी सरकार आतंकवाद को जड़ से समाप्त करने के जिस तरह से काम कर रही है, यह सबको पता है। सीमा पार से गोलीबारी और बंकरों के निर्माण का मुद्दा अहम है। मोदी सरकार की सख्ती से पाकिस्तान ने सीमा पर गोलीबारी कम कर दी है। बंकरों का निर्माण कार्य जोरों से चल रहा है। जल्द ही 19 हजार बंकरों का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा। उन्होंने जागरण के अभियान को भी काफी सराहा। साथ ही जनता के मुद्दों का हल करने का पूर्ण विश्वास भी दिलाया।
एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण करें 
पूर्व उपमुख्यमंत्री और गांधी नगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के पूर्व विधायक कविंद्र गुप्ता ने कहा कि लोकतंत्र में हर वोट की अपनी अहमियत होती है। उन्होंने लोकतंत्र में वोटरों को जागरूक करने के लिए दैनिक जागरण के अभियान की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि हम सब जानते हैं कि पाकिस्तान में लोकतंत्र की क्या स्थिति है। एक ऐसा समय था जब राजनीति का शब्द सम्मान से नहीं लिया जाता था। अब धीरे-धीरे राजनीति में फर्क आया है। राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका बहुत बढ़ गई है। हमने एक राष्ट्र की कल्पना की थी। उत्तर और दक्षिण भारत की बातें होती हैं। चिनाब घाटी, पीरपंजाल क्षेत्र का जिक्र किया जाता है। ऐसी बातें हमें आपस में बांटने का काम करती हैं। हम एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण करें।
 
साबरमती की तर्ज पर तवी का विकास होगा
जम्मू नगर निगम के मेयर चंद्रमोहन गुप्ता ने कहा कि जम्मू में लटका पड़ा गंडोला प्रोजेक्ट इस महीने और कृत्रिम झील के प्रोजेक्ट को आने वाले समय में शुरू किया जा रहा है। साबरमती की तर्ज पर तवी रिवर फ्रंट का 407 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट तैयार है। इस पर शीघ्र काम शुरू होगा। खेलकूद की गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।

More videos

See All