हरियाणा में किसानों की आय को दोगुणा करने के लिए बाग-लगाओ अभियान शुरू

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2022 तक किसानों की आमदनी को दोगुणा करने के सपने को साकार करने के लिए हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ के कुशल नेतृत्व में प्रदेश का बागवानी विभाग शुक्रवार को झज्जर जिला के बादली विधानसभा क्षेत्र के गांव पाटौदा से बाग-लगाओ अभियान नामक अनूठी पहल शुरू करने जा रहा है। क्षेत्र में बागवानी को बढ़ावा देने के लिए राज्य स्तरीय बाग लगाओ अभियान कार्यक्रम का शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ओम प्रकाश धनखड़ अमरूद व नींबू के पौधे रोपित कर शुभारंभ करेंगे। 

एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि राज्यस्तरीय बाग-लगाओ अभियान कार्यक्रम में प्रदेश भर से जागरूक किसान पाटौदा पहुंचेंगे। कार्यक्रम में बागवानी को बढ़ावा देने के लिए विशेषज्ञों द्वारा अहम जानकारी सांझा की जाएगी। विशेषज्ञ किसानों के साथ सीधे रूबरू होंगे और बागवानी से संबंधित जानकारी देंगे। उन्होंने बताया कि विकास एजेंसी पंचकुला द्वारा एकीकृत बागवानी विकास मिशन तथा कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय भारत सरकार भी कार्यक्रम में उल्लेखनीय रूप से भागीदार होगा। 
उन्होंने बताया कि राज्य स्तरीय बाग-लगाओ अभियान कार्यक्रम पाटौदा गांव के पार्क एवं व्यायामशाला में शुक्रवार सुबह आठ बजे जागरूक किसान पंजीकरण के साथ शुरू होगा। इस उपरांत बागवानी से संबंधित विशेषज्ञ किसानों को अपने अनुभव व तकनीकी ज्ञान की जानकारी देंगे। कार्यक्रम में किसानों को बाग लगाने की नवीनतम तकनीक तथा भिन्न-भिन्न प्रकार के बागों में लगने वाले कीड़े मकोड़े, बिमारियों तथा उनके रोकथाम के उपायों की जानकारी कृषि विश्वविद्यालय हिसार के वैज्ञानिकों द्वारा दी जाएगी।

More videos

See All