मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री जावड़ेकर और निशंक से की मुलाकात, कहा- कई लंबित मामलों पर बनी सहमति

मुख्यमंत्री रघुवर दास ने नई दिल्ली में गुरुवार को केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर और डॉक्टर रमेश पोखरियाल निशंक से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री और मंत्रियों के बीच राज्य के विकास के साथ जुड़े मसलों पर चर्चा हुई। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों केंद्रीय मंत्रियों से बैठक में विभाग से जुड़े कई लंबित मुद्दों पर सहमति बनी है। मुख्यमंत्री दोपहर तीन बजे केंद्रीय नागरिक उड्डयन और आवास तथा नगरीय मामले के मंत्री हरदीप पुरी के साथ भी बैठक करेंगे। 
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि वर्षों से मांग थी कि देवघर आध्यात्मिक नगरी में संस्कृत महाविद्यालय खोला जाए, इस मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री निशंक के साथ बैठक में सहमति बनी है। राज्य सरकार 22 जुलाई से खुलने वाले सत्र में एक महीने के अंदर संस्कृत महाविद्यालय खोलकर पढ़ाई शुरू कर देगी। उन्होंने कहा कि झारखंड में केंद्रीय आदिवासी महाविद्यालय के एक ब्रांच खोलने पर भी सहमति बनी है। इसके साथ पारा शिक्षकों के बकाया पर भी सहमति बनी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर के साथ बैठक में भी कई मामलों पर सहमति बनी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि शाम को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से भी उनकी मुलाकात होगी जिसमें वे सड़क से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करेंगे। 
मुख्यमंत्री ने झारखंड में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्षी गठबंधन हमारे लिए चिंता का विषय नहीं है। ये स्वार्थी और अवसरवादियों का गठबंधन है। लोकसभा चुनाव में भी ऐसे लोगों को जनता ने सबक सिखा दिया है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य झारखंड की सवा तीन करोड़ जनता का सर्वांगिण विकास करना है। झारखंड की जनता ने 14 साल में स्वार्थियों का गठबंधन देखा है जिसमें भ्रष्टाचर होता था। अब झारखंड की जनता ने साढ़े चार साल में स्थिर सरकार को देखा है जिसमें सबसे बड़ी उपलब्धि उग्रवाद की समाप्ति है।
रघुवर दास ने सुबह 9:30 बजे केंद्रीय वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन और सूचना एवं प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर से मुलाकात की। इसके बाद शास्त्री भवन में ही 10:30 बजे केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल "निशंक" से भी मिले। तय कार्यक्रम के मुताबिक, मुख्यमंत्री निर्माण भवन में दोपहर तीन बजे केंद्रीय नागरिक उड्डयन और आवास तथा नगरीय मामले के मंत्री हरदीप पुरी के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद शाम चार बजे फिर से शास्त्री भवन में केंद्रीय कोयला एवं खनन मंत्री प्रह्लाद जोशी से मिलेंगे। शाम 5 बजे 02, मोती लाल नेहरू मार्ग स्थित उनके आवास पर केन्द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी से भी मुख्यमंत्री मुलाकात करेंगे। 

More videos

See All