मुख्यमंत्री ने जमशेदपुर में किया भाजपा के सदस्यता अभियान का शुभारंभ, बोले-हर वर्ग को जोड़ना है
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शनिवार को जमशेदपुर में भाजपा के सदस्यता अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि आज से संगठन पर्व 2019 का शुभारंभ हो रहा है। हमें राष्ट्र निर्माण में जुटे समाज के हर वर्ग को पार्टी से जोड़ना है। मुख्यमंत्री ने आह्रवान किया कि न्यू इंडिया के निर्माण के लिए भाजपा को सशक्त करें।
कार्यक्रम का आयोजन बिरसानगर में डुंगरीटोला मैदान में हुआ। इसमें जमशेदपुर के सांसद विद्युतवरण महतो, महानगर भाजपा के प्रभारी सत्येंद्र कुमार सिंह समेत विधायक व पार्टी के नेता व कार्यकर्ता काफी संख्या में मौजूद थे। मुख्यमंत्री रघुवर दास शुक्रवार की शाम को शहर पहुंचे थे। यहां आने के बाद उन्होंने सूर्य मंदिर में भाजपा के पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की कोर कमेटी के साथ बैठक की थी। भाजपा ने जमशेदपुर में एक लाख नए सदस्य और पांच हजार सक्रिय सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। मुख्यमंत्री ने कोर कमेटी को इस संबंध में दिशा-निर्देश दिए थे।