बिजली संकट पर मुख्यमंत्री का फूटा गुस्सा, नप गए महाप्रबंधक और अधीक्षण अभियंता

मुख्यमंत्री रघुवर दास राज्य में कुछ बिजली अधिकारियों के कामकाज से नाराज हैं। शुक्रवार को ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक में इसकी झलक देखने को मिली। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किंतु-परंतु सुनना नहीं चाहते।
मुख्यमंत्री ने धनबाद एरिया बोर्ड के महाप्रबंधक उमाकांत सिंह को हटाने का आदेश दिया। जब उन्होंने धनबाद के अधीक्षण अभियंता (एसई) विनय कुमार के बारे में पूछताछ की तो पता चला कि वे तीन सप्ताह से बगैर सूचना दफ्तर से गायब हैं। इसपर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनको भी हटाया जाए। रघुवर ने साफ-साफ कहा कि अब मुझे केवल टाइमलाइन पर परिणाम दें अन्यथा सब बदले जाएंगे। जो काम न कर सके, उसे रिटायर कर दें।
मुख्यमंत्री के आदेश के बाद आनन-फानन जीएम का तबादला रांची निगम मुख्यालय कर दिया गया। वहीं एसई को निलंबित कर दिया गया। इन दोनों का दायित्व संभालने की जिम्मेवारी चास के अधीक्षण अभियंता प्रतोष कुमार को दी गई है। प्रतोष कुमार को धनबाद एरिया बोर्ड के उप महाप्रबंधक सह अधीक्षण अभियंता के पद पर तैनात किया गया है। वे विद्युत महाप्रबंधक के भी अतिरिक्त प्रभार में रहेंगे। मुख्यमंत्री के कड़े रुख से बिजली विभाग में हड़कंप मच गया है। मुख्यमंत्री के आदेश पर विद्युत विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारियों का तबादला कर दिया गया।

More videos

See All