दुष्‍यंत चौटाला का चाचा पर फिर हमला, कहा- इनेलो विधायकों के दलबदल में अभय का हाथ

जननायक जनता पार्टी  (जेजेपी) के नेता दुष्‍यंत चौटाला ने एक बार फिर अपने चाचा और इनेलो नेता अभय चौटाला पर निशाना साधा है। उन्‍होंने कहा कि इनेलो विधायकों और पदाधिकारियों के भाजपा में शामिल होने के पीछे अभय सिंह चौटाला का हाथ है। इनेलो विधायक दल के नेता अभय चौटाला सुनियोजित रणनीति के तहत इतनी बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारियों को भाजपा में भेज रहे हैं।
चंडीगढ़ में बृहस्पतिवार को पत्रकारों से रू-ब-रू दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जिस तरह के हालात हैं, उसमें विधानसभा चुनाव से पहले हरियाणा में लोग यह कहने को मजबूर होंगे कि 'एक था इनेलो'। उन्होंने कुछ समय पहले गुरुग्राम में हुई इनेलो की बैठक का हवाला देते हुए कहा कि तब कार्यकर्ताओं से हाथ खड़े कराकर पूछा गया था कि हरा और भगवा एक कर दिया जाए। इस पर इनेलो कार्यकर्ताओं व नेताओं ने हाथ खड़े करके समर्थन किया था। बदला घटनाक्रम उसी बैठक में हुई घोषणा का ही परिणाम है।

More videos

See All