कल्याण विभाग के बच्चे किसी से कम नहीं: राज्यपाल

कल्याण सम्मान समारोह 2019 का आयोजन बुधवार को आर्यभट्ट सभागार में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू का स्वागत सबसे पहले राजकीय पिछड़ी जाति आवासीय विद्यालय ईस्ट जेल रोड की छात्राओं ने बैंड की धुन पर किया। राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि अब कल्याण विभाग के स्कूलों में सुधार हुआ है। बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे कार्यक्रम ज़रूर होने चाहिए। इससे बच्चों को बेहतर करने की प्रेरणा मिलती है। इससे पूर्व अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की सचिव हिमानी पांडेय ने विभाग की उपलब्धियां बताई। वहीं, मंत्री लुईस मरांडी ने कहा कि जो कार्य अधूरे हैं, उसे पूरा किया जाएगा। बच्चों के लिए इंजीनियरिंग और मेडिकल आदि के लिए कोचिंग व्यवस्था करने की तैयारी की जा रही है।
रांची सहित राज्य भर में संचालित 157 रेसीडेंशियल स्कूल व एकलव्य स्कूलों के बच्चों को 10वीं और 12वीं परीक्षा में बेहतर रिजल्ट करने वाले छात्र-छात्राओं को राज्यपाल के हाथों सम्मानित किया गया। इसमें प्रमंडल स्तर पर प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्रप्त करने वाले, विषयवार बेहतर रिजल्ट करने वाले और दसवी में राज्यस्तर पर सबसे बेहतर रिजल्ट करने वाले दिलीप बेसरा, सिकंदर और अमन कुमार सोरेन को पुरस्कार दिया गया। वहीं, जिन स्कूलों में बेहतर रिजल्ट हुआ, उसके शिक्षकों को विषयवार सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य को भी सम्मानित किया गया। राज्यस्तर पर 10वीं में बेहतर रिजल्ट करने पर बीसी गर्ल्स हाई स्कूल हज़ारीबाग और 12वीं की परीक्षा में  पिछड़ी जाति आवासीय विद्यालय ईस्ट जेल रोड को मिला। वहीं, चान्हो स्थित कौशल नर्सिंग कॉलेज के प्राचार्य को पुरस्कार दिया गया।
विभाग द्वारा पहली बार आयोजित राज्यस्तरीय नृत्य और संगीत प्रतियोगिता में स्टूडेंट्स के बीच ग्रुप सिंगिंग, सोलो सिंगिंग और ग्रुप डांस प्रतियोगिता हुई थी। जिसमें सोलो सिंगिंग में अनिपा लकड़ा ने बाजी मारी। लोहरदगा एकलव्य मॉडल स्कूल में पढ़ने वाली अनीपा लकड़ा ने मंगलवार को नागपुर कर कोरा गीत प्रस्तुत कर मंत्री डॉक्टर लुईस मरांडी को भी भावुक कर दिया था। मंत्री ने अनीपा को अपने पास बुलाया और आशीर्वाद देते हुए हुए कहा- आपने बहुत अच्छा गीत गाया। सोलो सिंगिंग में दूसरा स्थान शर्मिला सोरेन और तीसरा स्थान दिलीप ने प्राप्त किया। समूह गान में टोरिसिन्द्री, डीएवी बुंडू और भवनाथपुर की स्कूल की टीम ने पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। जबकि नृत्य प्रतियोगिता में तमाड़, टोरिसिन्द्री और जामताड़ा ने पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया। सभी को राज्यपाल के हाथों सम्मानित किया गया।

More videos

See All