जजपा को झटका, किलोई से विधानसभा चुनाव लड़ चुके प्रेम हुड्डा भाजपा में शामिल

जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आते जा रहे हैं वैसे राजनीतिक दलों में उठा-पटक का दौर शुरू हो गया है। इसी कड़ी में शनिवार को जननायक जनता पार्टी को रोहतक में झटका लगा। यहां किलोई से विधानसभा चुनाव लड़ चुके जजपा नेता प्रेम हुड्डा भाजपा में शामिल हो गए। 
रोहतक भाजपा कार्यालय में सांसद संजय भाटिया, भाजपा संगठन महामंत्री सुरेश भट्ट और मंत्री मनीष ग्रोवर की मौजूदगी में प्रेम हुड्डा ने भाजपा को ज्वाइन किया। उनके साथ सैकड़ों की संख्या में उनके समर्थक भी भाजपा में शामिल हुए। हुड्डा ने कहा कि वे बतौर एक कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए हैं। वे पीएम नरेंद्र मोदी के विकास और राष्ट्रवाद पर उनके साथ खड़े हैं। वहीं सीएम मनोहर लाल खट्टर ने भी हरियाणा में खूब विकास कार्य किए हैं। इनसे प्रभावित होकर भाजपा में आए हैं। 
हुड्डा ने कहा कि किलोई विधानसभा में वे भाजपा को पूरा सहयोग करेंगे। कार्यकर्ता की तरह काम करेंगे। कार्यकर्ता किसी भी पार्टी सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। बता दें कि प्रेम हुड्डा ने 2005 में इंडियन नेशनल लोकदल की सीट पर किलोई विधानसभा से चुनाव लड़ा था। लेकिन जजपा के गठन के बाद वे इसमें शामिल हो गए। अब उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया है। ऐसे में किलोई विधानसभा में जजपा को बड़ा झटका लगा है। हालांकि किलोई विधानसभा हुड्डा परिवार का गढ़ रहा है। खुद भूपेंद्र हुड्डा किलोई से विधायक हैं।

More videos

See All