विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत झोंकें कार्यकर्ता

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे विधानसभा चुनाव में पार्टी की कल्याणकारी नीतियों को लेकर जन-जन तक पहुंचें और अपनी पूरी ताकत लगा दें।
वे बृहस्पतिवार को अपने आवास पर पार्टी कार्यकर्ताओं से मुखातिब थे। उन्होंने कहा कि संसदीय चुनावों में आए परिणाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हौसले को नहीं तोड़ सकते क्योंकि यह वही पार्टी है जिसने अंग्रेजी शासन को अपने संघर्ष से उखाड़ फेंका था। उन्होंने कहा कि अब उसी जज्बे से पार्टी कार्यकर्ता भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेंगे। तंवर ने कहा कि प्रदेश विकास की बजाय विनाश के कगार पर पहुंच गया है, अस्पतालों में डॉक्टर नहीं हैं, स्कूलों में शिक्षक नहीं, विभागीय कार्यालयों में पर्याप्त कर्मचारी नहीं, किसानों को पर्याप्त बिजली-पानी नहीं मिल रहा। ऐसे में प्रदेश के विकास की गति को समझा जा सकता है।
उन्होंने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने देशवासियों के सम्मुख राष्ट्रवाद का झूठा चेहरा दर्शाकर उन्हें गुमराह किया और वोट हासिल किए वहीं अब प्रदेशभर में युवाओं को रोजगार के नाम पर ठगने की कोशिश की जा रही है। तंवर ने इस दौरान पार्टी के कर्जा निपटारा समिति के अध्यक्ष कर्ण चाडीवाल के किसानों के हित में उठाए जा रहे कदमों की प्रशंसा की और कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस सत्तासीन होगी और वर्ष 2009 में गठित किए गए कर्जा निपटारा बोर्ड को पुन: सक्रिय किया जाएगा।

More videos

See All