पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे का सरकार पर निशाना, कहा- प्रदेश में सभी काम ठप पड़े हैं, न बिजली हैं न पानी

भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे मंगलवार को शहर विधायक संजय शर्मा के पिता के निधन के बाद शोक व्यक्त करने अलवर स्थित उनके आवास पर पहुंची। राजे के साथ भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी भी साथ मौजूद रहे। जहाँ राजे व परनामी ने संजय शर्मा के दिवंगत पिता की तस्वीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित करने के बाद उनके परिजनों से मिली।
शोक संवेदना जताने के बाद वसुंधरा राजे सर्किट हाउस पहुंची। जहां पत्रकारों से बातचीत में राजे ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में सभी काम ठप पड़े हैं। न बिजली हैं न पानी। लोग यह भी बता रहे हैं कि कांग्रेस सरकार द्वारा विकास कार्य पूरी तरह ठप कर दिए गए हैं।
सरकार का काम है जनता की देखभाल करना अगर वह यह काम नहीं कर सकती तो मैं नहीं समझती कि उसे सत्ता में रहने का कोई हक है। भाजपा इन मुद्दों को प्रदेश में उठाएगी और जनता को उनका हक दिलाएगी। इसके बाद सर्किट हाउस में पूर्व मुख्यमंत्री राजे का भाजपा के जिला पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।
जिला अध्यक्ष संजय नरूका ने सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं का परिचय करवाया इस दौरान शहर विधायक संजय शर्मा, मंजीत चौधरी, पूर्व मंत्री रोहिताश शर्मा, पूर्व मंत्री डॉ जसवंत यादव, पूर्व मंत्री हेमसिंह भड़ाना, पूर्व विधायक बनवारी लाल सिंघल, रामहेत यादव, मामन सिंह यादव, जयराम जाटव सहित अनेक लोग मौजूद थे।

More videos

See All