कांग्रेस नेताओं के नाम से आठ फर्जी फेसबुक आइडी

 कांग्रेस नेताओं पर सोशल मीडिया में अभद्र टिप्पणियां करने के मामले में पार्टी जल्द एफआइआर दर्ज करवाएगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा और कांग्रेस प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल पर जिन फेसबुक आइडी से अभद्र टिप्पणी की गई थीं, उनमें से आठ आइडी फर्जी पाई गई हैं। ये आइडी कांग्रेस नेताओं व पदाधिकारियों के नाम से बनाई गई हैं। इनका कच्चा चिट्ठा खोलने के लिए फेसबुक से आठ आइडी का ब्योरा मांगा गया है।
कांग्रेस आइटी सेल से तथ्यों को जुटाया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि कांग्रेस को शिकस्त देने के लिए फर्जी आइडी बनाना दूसरी पार्टियों की चाल भी हो सकती है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर के राजनीतिक सचिव हरि कृष्ण हिमराल की अध्यक्षता में गठित जांच समिति की बैठक शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में हुई। फर्जी आइडी की जांच पार्टी का आइटी सेल कर रहा है। पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं को टैग कर पोस्ट को शेयर किया गया। मामले के खुलासे के लिए पार्टी के कार्यकर्ताओं से भी तथ्यों को जुटाया जा रहा है। अभद्र टिप्पणी को लेकर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश सचिव अजगर अली को 31 मई को नोटिस जारी कर 15 दिनों में जवाब मांगा गया था। इसके अलावा अभद्र टिप्पणी जिस आइडी से की गई हैं, वे कांग्रेस के पूर्व कार्यकर्ता रिंकू जरियाल व जोगेंद्र शर्मा के नाम से भी हैं। अब बेहतर कार्य करने वालों का डाटा एकत्रित किया जा रहा है।

More videos

See All