जयराम ने केंद्र से मांगी हिमालयन रेजीमेंट और महिला बटालियन

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने शनिवार को नई दिल्ली में कई केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की। उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से हिमाचल के लिए हिमालयन रेजीमेंट की मांग की। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से महिला बटालियन प्रदान करने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने राजनाथ से मुलाकात के दौरान कहा कि हिमाचल के सैनिकों और अधिकारियों की वीरता को देशभर में जाना जाता है। प्रदेश के कई युवा सेना में सेवाएं दे रहे हैं। इसलिए हिमालयन रेजीमेंट बनाई जानी चाहिए। उन्होंने मंडी जिले में सुरक्षा की दृष्टि से प्रस्तावित हवाई अड्डे के निर्माण कार्य में तेजी लाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि सामरिक महत्व को ध्यान में रखते हुए यह हवाई अड्डा बहुत उपयोगी साबित होगा।
राजनाथ ने हिमालयन रेजीमेंट के साथ हवाई अड्डे के कार्य में तेजी लाने का आश्वासन दिया। वहीं, अमित शाह से मुलाकात के दौरान जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में आधी आबादी महिलाओं की है। प्रदेश में पुलिस की एक ही महिला बटालियन है। प्रदेश में महिला थाने खोले जाने के बाद से महिला जांच अधिकारियों की जरूरत है। ऐसे में प्रदेश की जरूरतों को पूरा करने के लिए एक और महिला बटालियन प्रदान की जाए। उन्होंने सिरमौर जिले के गिरिपार क्षेत्र के हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा देने की भी मांग की ताकि इसे समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। 

More videos

See All