BJP के पास 22 साल बाद दिल्ली जीतने का मौका, AAP सरकार के खिलाफ बनी ये रणनीति

नगर निगम और उसके बाद लोकसभा की सातों सीटें जीतने के बाद अब भाजपा का लक्ष्य दिल्ली विधानसभा चुनाव है। अगले वर्ष फरवरी में विधानसभा चुनाव होने हैं जिसे पार्टी हरहाल में जीतना चाहती है। यही कारण है कि पार्टी के नेता लोकसभा की जीत का जश्न मनाने के साथ ही 'मिशन 2020' की तैयारी में जुट गए हैं।
दिल्ली की सत्ता से भाजपा का 22 वर्षों का वनवास खत्म करने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी जहां वाल्मीकि व झुग्गी बस्तियों में प्रवास और रथ यात्रा के जरिये जनता से संवाद करेंगे।
वहीं, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन प्रत्येक विधानसभा में प्रवास करके कार्यकर्ताओं को अगले चुनाव की तैयारी में लगने को प्रेरित करेंगे। दिल्ली की सत्ता से वर्ष 1998 में बेदखल हुई भाजपा वापसी की राह तलाश रही है। लगातार दो चुनावों में मिली बड़ी जीत से इसके कार्यकर्ताओं का मनोबल भी ऊंचा है, इसलिए पार्टी इस अवसर को हाथ से नहीं जाने देना चाहती है।
प्रदेश के बड़े नेताओं ने इसकी तैयारी भी शुरू कर दी है। कांग्रेस व आम आदमी पार्टी का मजबूत वोट बैंक समझी जाने वाली झुग्गी व वाल्मीकि बस्तियों में भाजपा को इस लोकसभा चुनाव में बढ़त मिली है, इसे बरकरार रखने के लिए प्रदेश अध्यक्ष ने इन बस्तियों में रात्रि प्रवास का फैसला किया है। तिमारपुर में रात्रि प्रवास करके तिवारी ने इसकी शुरुआत भी कर दी है।

More videos

See All