यूपी से बाहर बसपा की जमानत जब्त, 'नोटा' से भी कम मिले वोट
राष्ट्रीय पार्टी की पहचान बचाने के लिए बहुजन समाज पार्टी (बसपा )ने पूरे देश में चुनाव लड़ा। लेकिन इस बार बसपा को राष्ट्रीय स्तर की पार्टी के तौर पर तगड़ा झटका लगा। यूपी को छोड़कर ज्यादातर राज्यों में बसपा की गिनी चुनी सीटों के सिवा कहीं भी जमानत तक नहीं बची। यही नहीं कई राज्यों में बसपा को मिले वोटों से ज्यादा उस सीट पर 'नोटा' की संख्या रही। हालांकि पंजाब और मध्य प्रदेश की कुछ सीटों पर बसपा ने अच्छा प्रदर्शन भी किया। बसपा प्रमुख मायावती ने दक्षिण भारत समेत सभी राज्यों में जमकर प्रचार किया था।
राजस्थान और मध्य प्रदेश में बसपा ने कांग्रेस सरकार को समर्थन दे रखा है। ऐसे में सत्ताधारी पार्टी होने के नाते अनुमान लगाया जाता है कि अच्छे कामों के चलते चुनावों में उसका प्रदर्शन बेहतर होगा। लेकिन यहां पर कांग्रेस से लेकर बसपा के साथ ऐसा कुछ नहीं हुआ। बसपा ने राजस्थान में 20 सीटों पर चुनाव लड़ा और सभी पर जमानत गंवा दी। यही नहीं इन 20 में से 10 सीटें तो ऐसी हैं, जहां पर बसपा से ज्यादा लोगों ने नोटा को वोट दिया।