राजस्थान में कांग्रेस का सूपड़ा साफ, 25 सीटों पर भाजपा-गठबंधन आगे

लोकसभा आम चुनाव-2019 के लिए मतगणना जारी है । भाजपा 24 सीटों पर आगे चल रही है । वहीं जीत का जश्न मनाने के लिए भाजपा कार्यालयों पर जश्न का माहौल शुरू हो गया है। इसके अलावा भाजपा के भीलवाड़ा से प्रत्याशी सुभाष चंद्र बहेडिया ने जीत दर्ज कर ली है।
इसके अलावा राजसमंद, श्रीगंगानगर, चूरू, पाली, बीकानेर से भी भाजपा प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। हालांकि अभी औपचारिक ऐलान होना बाकी है। 
25 केन्द्रों पर राउंडवार मतगणना हो रही है।मतगणना के रुझानों में गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राजस्थान की 25 लोकसभा सीटों में से 24 पर आगे चल रही है, जबकि उसकी सहयोगी राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) एक सीट पर आगे है। कांग्रेस सभी सीटों पर पीछे चल रही है। 

भाजपा जोधपुर में आगे है, जहां केंद्रीय राज्य मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव को पीछे छोड़ते हुए 68,261 वोटों से आगे हैं। 

जयपुर ग्रामीण से केंद्रीय राज्य मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ कांग्रेस उम्मीदवार कृष्णा पूनिया के मुकाबले 91,493 वोटों से आगे चल रहे हैं। 

राठौड़ ने मीडिया को बताया, "राजस्थान में, हम सभी सीटों पर आगे चल रहे हैं और इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जाता है। पिछले पांच वर्षो में, हम सभी ने उनके नेतृत्व में कड़ी मेहनत की और मतदाताओं ने हम पर भरोसा किया।"

बाड़मेर में, भाजपा के कैलाश चौधरी 47,750 वोटों से आगे चल रहे हैं, उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार मानवेंद्र सिंह को पीछे छोड़ दिया, जो भाजपा के दिग्गज नेता जसवंत सिंह के बेटे हैं। 2018 के राज्य विधानसभा चुनाव से पहले मानवेंद्र कांग्रेस में शामिल हो गए थे।

More videos

See All