एग्जिट पोल के आंकड़ों से भाजपा खुश तो जानिए- AAP-कांग्रेस ने क्या कहा

 एक्जिट पोल के आंकड़ों से भाजपा में उत्साह का माहौल है। भाजपा नेताओं को उम्मीद है कि 23 मई को चुनाव परिणाम भी कुछ इसी तरह से आएंगे और नरेंद्र मोदी दोबारा देश के प्रधानमंत्री बनेंगे। दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी का कहना है कि दिल्ली में उनकी पार्टी सातों सीटों पर जीत हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि सभी एग्जिट पोल के आंकड़े भाजपा के पक्ष में है। उन्होंने दावा किया कि देश में भाजपा को 350 के करीब सीटें मिलेगी।
केंद्रीय राज्य मंत्री विजय गोयल ने भी कहा कि देश में एक बार फिर से प्रचंड बहुमत के साथ नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनने जा रही है। दिल्ली में भी सभी सीटों पर भाजपा जीत हासिल करेगी। मोदी लहर व त्रिकोणीय मुकाबला का लाभ भाजपा को मिला है। उन्होंने कहा कि कुछ महीनों बाद होने वाले विधानसभा चुनाव में भी भाजपा को जीत मिलेगी। केंद्र व नगर निगमों के साथ ही दिल्ली में भाजपा की सरकार बनने से विकास की गति तेज होगी।
सभी सातों चरणों के मतदान खत्म होते ही टीवी चैनलों पर आए एक्जिट पोल को दिल्ली कांग्रेस ने सिरे से नकार दिया है। कांग्रेस प्रवक्ता जितेंद्र कोचर का कहना है कि यह बहुत जल्दी है। नतीजे तो 23 को आएंगे, तब देखेंगे। कोचर ने गत 2004 के एक्जिट पोल का हवाला देते हुए कहा कि उस समय भी भाजपा इंडिया शाइनिंग कर रही थी, एक्जिट पोल भी भाजपा को जिता रही थी। लेकिन हुआ क्या? एक्जिट पोल को धता बताते हुए कांग्रेस ने सरकार बनाई। इस बार भी ऐसा ही होगा। 
आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता संजय सिंह ने कहा कि यह सिर्फ भ्रमित का करने वाला है। दिल्ली की सातों सीटें हम जीत रहे हैं। ओपिनियन पोल में पैसे लेकर सीटें घटाई या बढ़ाई जाती हैं। पंजाब में 2014 में जब हमें 0 सीट दी जा रही थी, तब चौंकाने वाले रिजल्ट आए थे। मगर क्या मुस्लिम का वोट भाजपा को मिला? एक्जिट पोल मिठाई बांटने और ढोल पीटने के लिए ठीक है।

More videos

See All