चंडीगढ़ में मतदान आज, किरण खेर-पवन बंसल समेत 34 प्रत्याशी मैदान में

केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में आज वोट डाले जाएंगे। भाजपा प्रत्याशी किरण खेर और  कांग्रेस के टिकट पर पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल समेत 34 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। मतदान सुबह सात बजे से शुरू होगा।

चंडीगढ़ में 597 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 230 बूथ संवेदनशील हैं। चंडीगढ़ लोकसभा सीट पर 6,46,084 से अधिक मतदाता हैं। इसमें पुरूष मतदाताओं की संख्या 3,41,640 और महिला मतदाताओं की संख्या 3,04,423 है।

मतदान को सकुशल कराने के लिए चंडीगढ़ पुलिस के 5 हजार जवानों सहित केंद्रीय सुरक्षा बलों की 5 कंपनी, सीआरपीएफ की 6 सेक्शन और चंडीगढ़ पुलिस की 3 क्विक रिएक्शन टीमों को तैनात किया गया है।

चंडीगढ़ लोकसभा सीट पर बीते तीन लोकसभा चुनावों की बात की जाए तो दो बार पवन बसंल और एक बार किरण खेर ने जीत दर्ज की है। किरण खेर, अभिनेता अनुपम खेर की पत्नी हैं। 2004 और 2009 के चुनाव में पवन बंसल ने भाजपा प्रत्याशी सत्यपाल जैन को हराया था। 

हालांकि, 2014 में मोदी लहर में इस सीट पर भाजपा के टिकट पर किरण खेर ने पवन बंसल को हराकर जीत दर्ज की थी। किरण ने बंसल को 69 हजार से अधिक वोटों से हराया था। तीसरे नंबर पर आम आदमी पार्टी प्रत्याशी गुलकीरत कौर पनाग रहीं। उन्हें एक लाख से अधिक वोट मिले थे। 

More videos

See All