अमित शाह करेंगे रविशंकर के पक्ष में रोड शो, शॉटगन के लिए वोट मांगेंगे तेजस्वी-मांझी
बिहार के पटना साहिब संसदीय सीट पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद तथा महागठबंधन के कांग्रेस प्रत्याशी शत्रुघ्न सिन्हा के बीच का मुकाबला दिलचस्प होने जा रहा है। रविशंकर प्रसाद के लिए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह शनिवार को रोड शो करने जा रहे हैं। उधर, शत्रुघ्न सिन्हा के लिए राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव तथा हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) सुप्रीमो जीतन राम मांझी मोर्चा संभालेंगे।
पटना साहिब में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर होने जा रही है। कांग्रेस प्रत्याशी शत्रुघ्न सिन्हा गत चुनाव में पटना साहिब से ही भाजपा के टिकट पर विजयी हुए थे। कालक्रम में वेब भाजपा में हाशिएपर चले गए। इस बार वे कांग्रेस के टिकट पर ताल ठोक रहे हैं। उधर, रविशंकर प्रसाद का भी पटना से पुराना नाता रहा है। वे यहीं पले-बढ़े हैं।