Korba Lok Sabha Seat : भाजपा मोदी तो कांग्रेस आदिवासी कार्ड के भरोसे

छत्तीसगढ़ के पॉवर हब कोरबा में राजनीतिक पारा चढ़ने के साथ चुनावी चिकन पॉलिटिक्स तेज हो गई है। परिवार के सदस्यों की संख्या के हिसाब से चिकन दुकान की पर्ची बांटी जा रही है। चार महीने पहले हुए विधानसभा चुनाव में भी यह चिकन पॉलिक्टिस काफी लोकप्रिय हुई थी। इन सबके बीच पहचान के संकट से जूझ रहे भाजपा प्रत्याशी को मोदी नाम और श्रमिकों के भरोसे अपनी नैया पार लगने की उम्मीद है। वहीं, पति के नाम के सहारे सियासत में भाग्य आजमा रही कांग्रेस प्रत्याशी परंपरागत आदिवासी वोट बैंक और चार महीने पहले जीते सातों विधायकों के भरोसे जीत सुनिश्चित मान रही हैं।
इस सीट से कांग्रेस और भाजपा दोनों के ही प्रत्याशी पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा प्रत्याशी ज्योतिनंद दुबे श्रमिक वर्ग से आते हैं। दुबे के भाई भी राजनीति में हैं और दीपका नगर पालिका के अध्यक्ष हैं। दुबे को सबसे ज्यादा उम्मीद क्षेत्र में रहने वाले वर्किंग क्लास से है। इसमें केंद्रीय कर्मचारी भी शामिल हैं, जिनके बीच भारतीय मजदूर संघ, इंटक समेत अन्य कर्मचारी संगठन सक्रिय हैं। हालांकि श्रमिकों का एक बड़ा वर्ग केंद्र की कथित श्रमिक विरोधी नीति के कारण भाजपा से नाराज भी है। कांग्रेस की ज्योतना महंत यहां से सांसद रहे डॉ. चरणदास महंत की पत्नी हैं।

More videos

See All